गुरुकुल में पौधारोपण करते "पहले एक प्रयास" के स्वयंसेवक
मेरठ। सामाजिक संस्था ‘पहल एक प्रयास’ के स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक सेवा के अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए मुजफ्फरनगर जनपद के सिसौली स्थित आर्य समाज गुरुकुल में पौधारोपण एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने गुरुकुल के विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधे लगाए, परिसर का सौंदर्यीकरण किया तथा बच्चों को शैक्षिक सामग्री और खाद्य सामग्री भी वितरित की। कार्यक्रम का नेतृत्व पुष्पा चिकारा और मोहित त्यागी ने किया। इस अवसर पर बी.एम.एम. इंटर कॉलेज, मऊ खास के विद्यार्थियों ने भी ममता तोमर और मोहित त्यागी के नेतृत्व में भाग लेते हुए गुरुकुल के छात्रों के साथ पौधारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
पर्यावरण संरक्षण के साथ सेवा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल परिसर में अमरूद, नींबू और अनार के पौधे लगाए गए। साथ ही स्नेक प्लांट की क्यारी तैयार कर उसके चारों ओर सुरक्षा के लिए बाड़ भी बनाई गई, ताकि पौधों का संरक्षण किया जा सके। स्वयंसेवकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से गुरुकुल परिसर को हराभरा और स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया।
गुरुकुल को पहले से लिया हुआ है गोद
संस्था ‘पहल एक प्रयास’ ने आर्य समाज गुरुकुल को पहले से ही गोद लिया हुआ है और समय-समय पर यहां सेवा कार्य किए जाते हैं। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले शीतकाल में गुरुकुल परिसर में बच्चों की सुविधा के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगवाई गई थीं। संस्था भविष्य में भी गुरुकुल के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यकताओं के लिए सहयोग जारी रखने का संकल्प लेकर कार्य कर रही है।
बच्चों को दी पुस्तकें, कॉपियां और खाद्य सामग्री
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक गुरुकुल के बच्चों के लिए पुस्तकें, कॉपियां तथा खाने-पीने का सामान भी लेकर पहुंचे। बच्चों ने इस पहल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और स्वयंसेवकों के साथ समय बिताया। गुरुकुल के स्वामी शंकर वेश और आचार्य शुभम ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया तथा संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।
खेल-कूद और मनोरंजन से बच्चों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान अर्चना उपाध्याय, कविता बैम्बी और शैली रस्तोगी ने गुरुकुल के बच्चों के साथ विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया। बच्चों ने खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे कार्यक्रम का आनंद उठाया। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों और बच्चों ने एक साथ बैठकर समोसे एवं अन्य स्नैक्स का आनंद लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी आत्मीय बन गया।
कई स्वयंसेवकों ने दिया सहयोग
इस सेवा एवं पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में बसंत चौहान, शिवेंद्र बैम्बी, किरण चौधरी, भव्य यादव, प्रणवीर सिंह, अरुण शर्मा, किरण, इति चौधरी और पंकज गुप्ता सहित अनेक स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।