मतदान कर केंद्र से बाहर आते सरधना विधायक अतुल प्रधान
मेरठ। मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक विधान परिषद सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। शाम चार बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 50.78 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 35.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान जिले के केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए थे, जबकि अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।
मेरठ जिले में मतदान के लिए 31 केंद्रों पर कुल 107 बूथ बनाए गए थे। इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 30 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 77 बूथ शामिल थे। प्रशासन ने मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सेक्टर और जोनल स्तर पर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई थी। कंट्रोल रूम से भी मतदान केंद्रों की निगरानी की गई और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर नजर रखी गई।
भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र मेरठ-सहारनपुर खंड में भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेंद्र सिंह चुनाव मैदान में थे। इनके अलावा अमित कुमार जैन, दुष्यंत, मोहम्मद अकरम रजा, राहुल कुशवाहा, विक्रांत त्यागी और विजय कुमार त्यागी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा। इस सीट पर कुल 1,28,595 मतदाता थे। उनके लिए 127 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए थे।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के श्रीचंद शर्मा और सपा के नितिन कुमार तोमर प्रत्याशी थे। इनके अलावा कुलदीप मलिक, तनुज गंभीर, पंकज कुमार, बाकिर हुसैन, स्वराज पाल, सुशील, डॉ. सुशील कुमार पुंडीर और हरकेश सिंह ने चुनाव लड़ा। इस सीट पर कुल 64,525 मतदाता थे और मतदान के लिए 121 केंद्र निर्धारित किए गए थे।
अतुल प्रधान और अमित अग्रवाल ने किया मतदान
सरधना विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक अतुल प्रधान ने शुक्रवार को शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदान किया। भाजपा कैंट विधायक अमित अग्रवाल भी वोट डालने पहुंचे। इस दौरान उनके मतदान केंद्र का घर से करीब 10 किलोमीटर दूर होना चर्चा का विषय बना। विधायक ने मतदान केंद्र के निर्धारण को लेकर चुनाव आयोग की व्यवस्था पर सवाल उठाए। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और आम मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में होने वाली परेशानी को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्र का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खेल स्टेडियम स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी के अनुसार, निरीक्षण के समय मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था और किसी भी केंद्र से गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली थी।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा मानकों के अनुसार पुलिस बल तैनात किया गया था। मतदान केंद्रों पर पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी लगाए गए। अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे थे और कंट्रोल रूम के जरिए निगरानी रखी जा रही थी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई, ताकि अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बैलट बॉक्स विश्वविद्यालय परिसर के स्ट्रांग रूम में रखे जाएंगे
मतदान के बाद बैलट बॉक्स सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराए जाएंगे। जिलाधिकारी के मुताबिक, मेरठ के साथ संबंधित अन्य जिलों के बैलट बॉक्स भी यहीं रखे जाएंगे। स्ट्रांग रूम और बैलट बॉक्स की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।