खोड़ा हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले पंडित सुनील भराला, बोले- दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा
गाजियाबाद: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक पंडित सुनील भराला ने सोमवार को खोड़ा क्षेत्र पहुंचकर चर्चित सूर्या हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पंडित सुनील भराला ने दिवंगत सूर्या के परिजनों से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और परिवार के दर्द को साझा किया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद, निंदनीय और हृदय विदारक है। एक युवा की निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी कानून व्यवस्था को चुनौती देने का साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है जहां अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पंडित सुनील भराला ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए।
उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे स्वयं को अकेला न समझें। समाज, संगठन और तमाम शुभचिंतक उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। न्याय की इस लड़ाई में हर स्तर पर परिवार को सहयोग दिया जाएगा।
इस दौरान पंडित सुनील भराला ने दिवंगत सूर्या को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय परशुराम परिषद के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
