मेरठ। मेरठ कॉलेज स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र में जून 2026 सत्रांत परीक्षाओं का शुभारंभ आज से हो गया। परीक्षाएं मेरठ कॉलेज के बी.एड. विभाग भवन में आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा कार्यक्रम प्रतिदिन दो पालियों में संचालित होगा। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इग्नू अध्ययन केंद्र, मेरठ कॉलेज के समन्वयक एवं परीक्षा केंद्र अधीक्षक प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने बताया कि इस परीक्षा कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लगभग 7000 विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रो. दयानंद द्विवेदी के नेतृत्व में एक विशेष संचालन समिति का गठन किया गया है। समिति में श्री देवेंद्र कुमार, श्री जितेंद्र कुमार, डॉ. पंकज भारती एवं श्री घनश्याम यादव सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं, जबकि प्रो. नीलम पंवार भी परीक्षा संचालन में सहयोग प्रदान करेंगी।
प्रो. भारद्वाज ने बताया कि इग्नू की जून 2026 सत्रांत परीक्षाएं केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विश्व के लगभग 40 देशों में एक साथ आयोजित की जा रही हैं। मेरठ कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र एवं परीक्षा केंद्र पिछले लगभग 35 वर्षों से निरंतर कार्यरत है तथा अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं प्रभावी परीक्षा प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा अर्जित कर चुका है। इस केंद्र के माध्यम से देश एवं विदेश, विशेष रूप से खाड़ी देशों में कार्यरत भारतीय विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने कैरियर को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए कहा कि महाविद्यालय प्रशासन परीक्षार्थियों को सुरक्षित, शांत एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. ओ.पी. अग्रवाल एवं सचिव श्री विवेक कुमार ने प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज तथा उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इग्नू की परीक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए महाविद्यालय की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
परीक्षार्थियों हेतु महत्वपूर्ण सूचना
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी विद्यार्थी इग्नू अध्ययन केंद्र के समीप स्थित हॉस्टल गेट से महाविद्यालय परिसर में प्रवेश करें तथा बी.एड. विभाग के प्रवेश द्वार से परीक्षा भवन तक पहुंचें। इस संबंध में मेरठ कॉलेज के मुख्य द्वार, हॉस्टल गेट, इग्नू कार्यालय एवं बी.एड. विभाग के प्रवेश द्वार पर सूचना बैनर लगाए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उल्लेखनीय है कि 03 जून 2026 को मेरठ कॉलेज के मुख्य परिसर में उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जानी हैं। इस कारण मुख्य परिसर आम आवागमन के लिए पूर्णतः बंद रहेगा।
इग्नू के सभी परीक्षार्थियों से अनुरोध है कि वे मेरठ कॉलेज के मुख्य द्वार से प्रवेश करने का प्रयास न करें। सभी परीक्षार्थी इग्नू कार्यालय के समीप स्थित मार्ग से बी.एड. विभाग में प्रवेश करें, जो मुख्य परिसर से पूर्णतः पृथक एवं स्वतंत्र रूप से संचालित किया जा रहा है।
