तहसील सदर के सम्पूर्ण समाधान दिवस पर समस्याओं का निस्तारण करते जिला अधिकारी
मेरठ, 17 अक्टूबर 2026। तहसील सदर में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें आमजन से 159 शिकायती एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों ने 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों पर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी अधिकारी नियमित रूप से जनसुनवाई करें। जिलाधिकारी ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनके प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी।

राजस्व, पुलिस और पेंशन से जुड़े मामले पहुंचे
समाधान दिवस में चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाइश कराने और पेंशन दिलाने सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पुलिस, राजस्व, समाज कल्याण, विकास और चकबंदी विभाग से संबंधित मामले भी शामिल रहे। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयसीमा का पालन करने के निर्देश दिए।
‘पिंक समाधान दिवस’ में महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत ‘पिंक समाधान दिवस’ भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान में सहयोग करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, एसडीएम सदर राहुल द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, तहसील कर्मचारी और फरियादी मौजूद रहे।