मिशन शक्ति के तहत महिला और बाल सुरक्षा जागरूकता अभियान
मेरठ, 17 अक्टूबर 2026। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत शनिवार को मेरठ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी अवनीश कुमार तथा एंटी रोमियो प्रभारी के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो टीम, शक्ति दीदी और महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों से संवाद किया।
अभियान के दौरान महिलाओं, बालिकाओं और छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने आपात स्थिति में सहायता पाने के लिए वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 और अग्निशमन सेवा 101 के बारे में बताया।
साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर जागरूकता
कार्यक्रमों में गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और बाल श्रम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करते हुए लोगों से कहा गया कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण, ओटीपी और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीमों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और बैंकिंग करेस्पॉन्डेंट सखी सहित महिला-केंद्रित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।
आठ थाना क्षेत्रों में हुए कार्यक्रम
फलावदा थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति केंद्र और एंटी रोमियो टीम ने ग्राम सनौता के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को अभियान, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में बताया। परतापुर में एंटी रोमियो टीम ने नवभारत विद्यापीठ इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और जरूरी हेल्पलाइन की जानकारी दी।
रेलवे रोड थाना क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं को हेल्पलाइन सेवाओं, सरकारी योजनाओं और एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक किया गया। नौचंदी में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान से संबंधित जानकारी दी गई। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में भी महिला सुरक्षा और सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
मुण्डाली में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय की छात्राओं को थाने का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। बहसूमा में महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन सेवाओं तथा महिला-केंद्रित सरकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। किठौर थाना क्षेत्र में ग्राम मछारा स्थित शिवनाथ सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल अपराधों, साइबर सुरक्षा और सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।
मेरठ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनपद में सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।