भावनपुर पुलिस एवं ग्रामीण स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में ₹25,000 का इनामी गौ-तस्कर गिरफ्तार
मेरठ। थाना भावनपुर पुलिस एवं ग्रामीण स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ₹25,000 के इनामी गौ-तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार अभियुक्त गौवध से संबंधित एक मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा ₹25,000 का पुरस्कार घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 अप्रैल 2026 को थाना भावनपुर क्षेत्र के ग्राम जिठौली स्थित खेत में गौवंश के अवशेष बरामद हुए थे। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना भावनपुर पर मु0अ0सं0 134/2026, धारा 303(2) बीएनएस एवं 3/5/8 गौवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
विवेचना के दौरान अभियुक्त असलम पुत्र मीदा उर्फ मिद्दा निवासी ग्राम अजराडा, थाना मुण्डाली, जनपद मेरठ (हाल निवासी समर गार्डन, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ) का नाम प्रकाश में आया। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी पर पुरस्कार घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेशानुसार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मेरठ के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर देहात के निकट पर्यवेक्षण में थाना भावनपुर पुलिस एवं ग्रामीण स्वाट टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में 02 जून 2026 को चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम किनानगर से पचगांव पट्टी ओवरब्रिज की ओर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम को देखकर अभियुक्त ने गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में निर्माणाधीन ओवरब्रिज से छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया तथा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भावनपुर भेजा। आवश्यक चिकित्सीय एवं वैधानिक कार्रवाई की गई।
