लोकदल की संसदीय बैठक में संगठन विस्तार पर चर्चा
नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की पहली बैठक बुधवार को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के कमेटी रूम में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद के.सी. त्यागी ने की। बैठक में संगठन को नई दिशा देने, पार्टी के विस्तार को गति प्रदान करने तथा आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत संसदीय बोर्ड के सभी सदस्यों के परिचय के साथ हुई। इस दौरान संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और जनआधारित बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक ढांचे को और प्रभावी बनाने तथा सभी वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी सहभागिता की। उनके साथ संसदीय बोर्ड के सभी सदस्य मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, राजनीतिक रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की किसान, मजदूर और सामाजिक न्याय पर आधारित विचारधारा को देश के जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। नेताओं ने कहा कि पार्टी चौधरी चरण सिंह के आदर्शों और सिद्धांतों को आधार बनाकर किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत करेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय लोकदल के संगठन का विस्तार तेज गति से किया जाएगा और गांव-गांव तथा शहर-शहर पार्टी को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही नए कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने की दिशा में व्यापक कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे।
संसदीय बोर्ड के सदस्यों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प भी लिया कि जयंत चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। साथ ही, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को और अधिक मजबूत बनाने तथा गठबंधन की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भी समन्वित प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के समापन पर पार्टी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और चौधरी चरण सिंह की विचारधारा के प्रचार-प्रसार के माध्यम से राष्ट्रीय लोकदल आने वाले समय में देश की राजनीति में और प्रभावशाली भूमिका निभाएगा।