कावड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर में बैठक करते हैं एडीजी भानु भास्कर
मुजफ्फरनगर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने जनपद मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, अवैध अतिक्रमण, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छता संबंधी तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीजी के साथ सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह, मुजफ्फरनगर के +वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
प्रमुख कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण
एडीजी भानु भास्कर ने थाना खतौली क्षेत्र के चीतल पुल, गंगनहर पुल और अलकनंदा पुल सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए तथा श्रद्धालुओं के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी
इसके बाद एडीजी ने थाना मंसूरपुर और नई मंडी क्षेत्र में पड़ने वाले संपूर्ण कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों, तिराहों और बागोवाली कट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंधों और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थलों की तत्काल पहचान कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरे किए जाएं। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
गंगनहर पटरी पर रहेगा एकतरफा सुरक्षित मार्ग
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगनहर पटरी और मुख्य कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एकतरफा मार्ग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भारी वाहनों के लिए प्रभावी और समयबद्ध रूट डायवर्जन योजना लागू कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
समीक्षा बैठक में तैयारियों की हुई बिंदुवार समीक्षा
स्थलीय निरीक्षण के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिलाधिकारी, डीआईजी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीजी भानु भास्कर ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों, कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पूरे यात्रा मार्ग की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का व्यापक उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि भारी एवं हल्के वाहनों के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन योजना समय से लागू की जाए तथा इसकी जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर लगने वाले शिविरों, भोजनालयों और ढाबों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने तथा स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि श्रावण कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और शिवभक्तों की सुरक्षा एवं सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कांवड़ ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के साथ अत्यंत शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी होगी।