आप नेता अंकुश चौधरी के पिता हाउस अरेस्ट
मेरठ। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अंकुश चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर उत्तर प्रदेश पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्रों और युवाओं के समर्थन में आवाज उठाने के कारण पुलिस उनके घर पहुंची और उनके 72 वर्षीय पिता के साथ अनुचित व्यवहार किया।
अंकुश चौधरी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यदि उन्होंने कोई अपराध किया है या वे किसी मुकदमे में वांछित हैं, तो कानून के अनुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। लेकिन उनके परिवार, विशेषकर उनके बुजुर्ग पिता, को परेशान करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
उन्होंने पोस्ट में कहा कि उनके 72 वर्षीय पिता को रात में जबरन बिस्तर से उठाकर बैठाया गया। उन्होंने इसे परिवार के उत्पीड़न का मामला बताते हुए कहा कि वे इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
पोस्ट में अंकुश चौधरी ने यह भी लिखा कि वे जल्द ही अपने घर पहुंच रहे हैं और सवाल किया कि पुलिस की उनके घर में प्रवेश करने की हिम्मत कैसे हुई। उन्होंने पुलिस को चुनौती देते हुए लिखा कि यदि हिम्मत है तो मौके पर रुककर दिखाए।
अपने संदेश के अंत में उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या छात्रों और नौजवानों की लड़ाई लड़ना गुनाह हो गया है?”
अंकुश चौधरी ने अपनी पोस्ट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी उत्तर प्रदेश, एडीजी मेरठ जोन, मेरठ पुलिस तथा जिलाधिकारी मेरठ को भी टैग करते हुए मामले में संज्ञान लेने की मांग की।