मंच से संबोधित करते चंद्रशेखर आजाद
मेरठ। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सत्ता परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करते हुए बड़ा राजनीतिक दावा किया है। चंद्रशेखर ने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों के मुद्दों को उठाते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
मेरठ में मीडिया से बातचीत के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा वर्ग युवा है और वही सबसे ज्यादा परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, भर्तियों में घोटाले हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
महिलाओं के मुद्दे पर बोलते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण के नाम पर भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का प्रावधान पहले ही लागू हो चुका है और इसे कभी भी लागू किया जा सकता है। आजाद समाज पार्टी महिलाओं को 33 नहीं बल्कि 50 प्रतिशत आरक्षण देने की पक्षधर है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए चंद्रशेखर ने मेरठ की राष्ट्रीय खिलाड़ी अनुष्का पाल का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि 44 दिन बाद शव मिलने की घटना सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोलती है। उन्होंने कहा कि केवल बुलडोजर चलाना या सख्त बयान देना ही कानून व्यवस्था नहीं है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि उनकी पार्टी का गठबंधन किसी राजनीतिक दल से नहीं बल्कि जनता से होगा। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करना है, ताकि जनता अपने अधिकारों और हितों के लिए संगठित हो सके।
चंद्रशेखर ने अपनी पार्टी के 32 सूत्रीय एजेंडे का जिक्र करते हुए कहा कि कक्षा एक से बारहवीं तक शिक्षा पूरी तरह निशुल्क होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं इतनी सुलभ हों कि इलाज के अभाव में किसी की जान न जाए। साथ ही पेपर लीक पर रोक, युवाओं को रोजगार और बैकलॉग भर्तियां उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सहायिकाओं, शिक्षामित्रों और सफाई कर्मचारियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। इसके अलावा पुलिस कर्मियों के लिए आठ घंटे की ड्यूटी और सप्ताह में एक अवकाश, जबकि पीआरडी और होमगार्ड जवानों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने की भी मांग उठाई।
शराबबंदी को जरूरी बताते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि शराब की वजह से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ती हैं और परिवार बर्बाद होते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाना उनकी पार्टी की प्राथमिकता है।
भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए चंद्रशेखर ने उसे देश की सबसे जातिवादी पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति की जा रही है, जबकि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय और बराबरी की राजनीति में विश्वास रखती है।
सत्ता परिवर्तन यात्रा के उद्देश्य पर बोलते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि यह यात्रा जनता को जागरूक करने और सत्ता परिवर्तन के लिए माहौल तैयार करने का अभियान है। उन्होंने दावा किया कि यात्रा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले समय में इसका असर प्रदेश की राजनीति में साफ दिखाई देगा।