विकास भवन में गौ संवर्धन को लेकर बैठक करते मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों के पारदर्शी चयन के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग द्वारा संचालित नन्दबाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत दो स्वदेशी नस्ल की गायों की इकाई स्थापित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इन आवेदनों का चयन नन्दबाबा दुग्ध मिशन के ऑनलाइन पोर्टल पर पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-लॉटरी एवं रैंडमाइजेशन प्रणाली के माध्यम से किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि मेरठ जनपद से प्राप्त 107 पात्र आवेदनों में से 28 लाभार्थियों का चयन किया गया है। चयनित लाभार्थियों में 14 पुरुष एवं 14 महिला आवेदक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त भविष्य में रिक्ति अथवा आवश्यकता की स्थिति को ध्यान में रखते हुए 79 आवेदकों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की गई है, जिसमें 50 पुरुष एवं 29 महिला आवेदकों को स्थान दिया गया है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने चयनित लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना का उद्देश्य प्रदेश में स्वदेशी गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना तथा ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि इस योजना से पशुपालकों को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने भी चयनित लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे शीघ्र ही स्वदेशी गौपालन का कार्य प्रारंभ कर सकें।
बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (पीडीडीआरडीए) सुनील कुमार सिंह, जिला स्तरीय चयन समिति के सभी सदस्य तथा गौ-संवर्धन योजना के नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक अविनाश गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
योजना का उद्देश्य
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के माध्यम से प्रदेश में स्वदेशी नस्ल की गायों के संरक्षण को प्रोत्साहित करने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, किसानों एवं पशुपालकों की आय में वृद्धि करने तथा आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को दो स्वदेशी नस्ल की गायों की इकाई स्थापित करने के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इस बैठक के माध्यम से मेरठ जनपद में मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना के लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई, जिससे पात्र पशुपालकों को शीघ्र ही योजना का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया।