वामा सारथी के तत्वावधान में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह
मेरठ। उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) के तत्वावधान में शनिवार को पुलिस लाइन मेरठ स्थित ऑडिटोरियम हॉल में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार से जुड़े उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने शैक्षिक सत्र 2025-26 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की।
समारोह का आयोजन श्रीमती श्वेता चतुर्वेदी, अध्यक्षा वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन जनपद मेरठ की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान का क्रम प्रारंभ हुआ।
समारोह के दौरान कुल 27 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों की सफलता को उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और अभिभावकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षा श्रीमती श्वेता चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। विद्यार्थियों की उपलब्धियां न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज और संगठन का गौरव बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर यह सिद्ध किया है कि कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।