जन्म मृत्यु के रिकॉर्ड रूम में छत से टपकता पानी
सर्वदलीय पार्षद प्रतिनिधिमंडल ने किया आकस्मिक निरीक्षण, रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और छत की तत्काल मरम्मत की मांग
मेरठ । मेरठ नगर निगम में सर्वदलीय पार्षद प्रतिनिधिमंडल ने जन्म-मृत्यु विभाग के रिकॉर्ड रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बारिश के मौसम में रिकॉर्ड रूम की छत से पानी टपकता हुआ मिला। प्रतिनिधिमंडल ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते छत से पानी टपकने की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो रिकॉर्ड रूम में रखे जन्म एवं मृत्यु से संबंधित पुराने अभिलेख पानी से खराब हो सकते हैं।
पुराने अभिलेख खराब होने से आम जनता के सामने आ सकती है परेशानी
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार वर्तमान समय में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों की ऑनलाइन व्यवस्था में पुराने अभिलेखों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुराने जन्म प्रमाण पत्र अथवा मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रहना आवश्यक है, क्योंकि इन्हीं अभिलेखों के आधार पर भविष्य में प्रमाण पत्रों से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जाती है। पार्षद प्रतिनिधियों ने आशंका जताई कि यदि रिकॉर्ड रूम में रखे पुराने अभिलेख पानी से गलकर या खराब होकर नष्ट हो गए तो लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने तथा संबंधित रिकॉर्ड को ऑनलाइन सीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
पुराने और नए रिकॉर्ड रूम के अभिलेखों को लेकर भी सवाल
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि नगर निगम के पुराने रिकॉर्ड रूम से कुछ जन्म एवं मृत्यु संबंधी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हैं। इसी प्रकार नई बिल्डिंग में रखे गए कुछ अभिलेखों के भी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार रिकॉर्ड उपलब्ध न होने के कारण नागरिकों को ऑनलाइन जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद प्रतिनिधियों ने मांग की कि नगर निगम प्रशासन पुराने और नए दोनों रिकॉर्ड रूम में रखे अभिलेखों की सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करे तथा रिकॉर्ड की उपलब्धता एवं रखरखाव की भी गंभीरता से समीक्षा कराई जाए।
रिकॉर्ड रूम की छत की तत्काल मरम्मत की मांग
सर्वदलीय पार्षद प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता निर्माण और संपत्ति अधिकारी से मांग की कि रिकॉर्ड रूम की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुराने और नए दोनों रिकॉर्ड रूम की छत की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही छत से टपक रहे पानी को रोकने के लिए आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों को बारिश के पानी से खराब होने से बचाया जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जन्म और मृत्यु से जुड़े रिकॉर्ड आम नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। इसलिए इनके संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने रिकॉर्ड रूम की मौजूदा स्थिति के लिए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग, संपत्ति विभाग और निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। साथ ही जन्म-मृत्यु विभाग के मुख्य लिपिक, जन्म-मृत्यु रजिस्टर से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका की भी समीक्षा किए जाने की मांग की। पार्षद प्रतिनिधियों ने कहा कि रिकॉर्ड की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभागों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने चाहिए, जिससे भविष्य में किसी नागरिक को पुराने अभिलेख उपलब्ध न होने के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।
मांग पूरी नहीं हुई तो हल्ला बोल अभियान की चेतावनी
सर्वदलीय पार्षद प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि रिकॉर्ड रूम की छत की मरम्मत और अभिलेखों की सुरक्षा के लिए शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो सर्वदलीय पार्षद नगर निगम के खिलाफ हल्ला बोल अभियान चलाने के लिए बाध्य होंगे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
ये रहे मौजूद
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान नगर निगम के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद प्रतिनिधिमंडल में शामिल फजल करीम, पूर्व पार्षद नेता अफजाल सैफी, पूर्व पार्षद मास्टर शहजाद, पूर्व पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य भाई गफ्फार तथा पूर्व पार्षद कयूम अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि बारिश के मौसम को देखते हुए रिकॉर्ड रूम का तत्काल निरीक्षण कराकर सभी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य कराते हुए जन्म-मृत्यु से संबंधित अभिलेखों को सुरक्षित रखने की प्रभावी व्यवस्था की गयी