एमडीए द्वारा किए जा रहे ध्वस्तीकरण के विरोध में ज्ञापन देने पहुंचे भारतीय किसान यूनियन स्वतंत्रता संग्राम शाखा के पदाधिकारी
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (स्वतंत्रता संग्राम) के प्रदेश अध्यक्ष शुभम यादव के नेतृत्व में मेरठ जनपद के नागरिकों एवं व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं को लेकर महामहिम राष्ट्रपति महोदया (भारत सरकार) को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी मेरठ को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने ध्यान आकर्षित किया कि मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) द्वारा सेंट्रल मार्केट सहित विभिन्न क्षेत्रों में मकानों और दुकानों पर लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
इससे कई निर्दोष परिवार और व्यापारी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। यूनियन ने मांग की है कि जिन मामलों में कानूनी प्रक्रिया विचाराधीन है, वहां स्थिति स्पष्ट होने तक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और प्रभावित लोगों को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर प्रदान किया जाए।
इसके साथ ही, ज्ञापन में RTO द्वारा 15 वर्ष पुराने वाहनों पर की जा रही कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि सड़कों पर चेकिंग के अलावा, निजी परिसरों और घरों के अंदर खड़े वाहनों को भी उठाया जा रहा है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी वाहन को निजी परिसर से जब्त किया जाता है, तो पूर्व सूचना (नोटिस) एवं विधिसम्मत प्रक्रिया का पूर्णतः पालन किया जाना अनिवार्य होना चाहिए।