गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने हिन्दू रक्षा दल के क्षेत्रीय प्रभारी पं अंकुर शर्मा को चेतावनी के बाद छोड़ा
पं. अंकुर शर्मा को सदर बाजार थाने ले जाया गया, कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर किया धरना
मेरठ । केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंगलवार को एक बार फिर हलचल देखने को मिली। हिन्दू रक्षा दल के क्षेत्रीय प्रभारी पं. अंकुर शर्मा ने शाम पांच बजे केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पढ़ने जाने की बात कही थी। कार्यक्रम से पहले ही सदर बाजार थाना पुलिस ने उन्हें सीएबी ग्राउंड के पास रोक लिया।
जिलाध्यक्ष के साथ थाने पहुंचे अंकुर शर्मा
पुलिस पं. अंकुर शर्मा को उनके जिलाध्यक्ष उत्तम शर्मा के साथ सदर बाजार थाने लेकर पहुंची। इसकी जानकारी मिलने के बाद हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ता भी सदर बाजार थाने पहुंचे और थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और अंकुर शर्मा के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। बातचीत के बाद पुलिस ने अंकुर शर्मा को उनके साथियों के सुपुर्द कर दिया। थाने से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए संगठन की आगे की रणनीति के बारे में जानकारी दी।
वरिष्ठ नेतृत्व से बातचीत के बाद तय होगा अगला कदम
अंकुर शर्मा ने कहा कि उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा, लेकिन आगे की रणनीति संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से बातचीत के बाद तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी फिलहाल हरिद्वार में हैं और उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा के अनशन पर होने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व की ओर से जो भी निर्णय लिया जाएगा, संगठन के कार्यकर्ता उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे और इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से दी जाएगी।
पुलिस के साथ हुई बातचीत का भी किया जिक्र
मीडिया से बातचीत में अंकुर शर्मा ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बातचीत में संगठन की ओर से रखी गई मांगों पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि अब आगे का निर्णय संगठन के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेतृत्व के निर्देशों के आधार पर लिया जाएगा।
केसरगंज प्रकरण को लेकर निगरानी
केसरगंज मंडी मस्जिद प्रकरण को लेकर पुलिस-प्रशासन की निगरानी बनी हुई है। मंगलवार को प्रस्तावित हनुमान चालीसा कार्यक्रम से पहले पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए थाने के बाहर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और धरना रहा। फिलहाल हिन्दू रक्षा दल की ओर से आगे की रणनीति वरिष्ठ पदाधिकारियों से बातचीत के बाद घोषित करने की बात कही गई है।