योग शिविर में शामिल एंटी रैगिंग सेल की छात्राएं
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज, मेरठ में योग शिविर एवं सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक के निर्देशन एवं संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ छात्राओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 15 जून से 22 जून तक विशेष योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों को योग, प्राणायाम और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विभिन्न आयामों की जानकारी दी जाएगी।
योग शिविर के उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय के योग हॉल में लगभग 70 छात्राओं ने भाग लिया। योग विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग एवं एनसीसी इकाई के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आचार्य दीपा त्यागी एवं आचार्य कीर्ति धामा ने छात्राओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और वैदिक मंत्रों का अभ्यास कराया। करीब 45 मिनट तक चले इस विशेष सत्र में छात्राओं को नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक समग्र जीवन शैली है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। छात्राओं को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने और दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की गई है। यह थीम बढ़ती उम्र के साथ होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, अस्थमा, वात रोग तथा तनाव जैसी आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी अनेक समस्याओं को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है।
योग शिविर के साथ-साथ महाविद्यालय में सेवा शिविर का भी शुभारंभ किया गया। छात्राओं में सामाजिक सेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से महाविद्यालय की एंटी रैगिंग सेल द्वारा शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सेवा कार्य में डॉ. अनुपमा सिंह, डॉ. पूनमलता सिंह तथा प्रो. भावना मित्तल ने छात्राओं के साथ मिलकर सभी विद्यार्थियों और कर्मचारियों को शरबत वितरित किया।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार 15 जून से 22 जून तक चलने वाले इस विशेष सप्ताह में योग प्रशिक्षण के अतिरिक्त विभिन्न प्रतियोगिताएं, जागरूकता कार्यक्रम एवं सामाजिक सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों का उद्देश्य छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक चेतना और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है।
प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और वर्तमान समय में स्वस्थ जीवन के लिए इसकी आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने सभी छात्राओं से नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय परिवार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।