अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व योग मैराथन के आयोजित कार्यक्रम में मंचासीन अतिथिगण
पंचकूला। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क में योग मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों और योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल ने योग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैराथन टाउन पार्क से शुरू होकर सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए पूरे जोश के साथ दौड़ लगाई।
इस अवसर पर मेयर शाम लाल बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और दुनिया के अधिकांश देशों ने इसे अपनाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार योग को घर-घर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। योग से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि हजारों वर्ष पुरानी भारतीय योग परंपरा आज पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।
मेयर ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ होगा, तभी समाज और देश दोनों प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ सकेंगे।
टाउन पार्क बना ‘योग पार्क’
शाम लाल बंसल ने पंचकूला के टाउन पार्क की विशेष पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग योगाभ्यास करने पहुंचते हैं। नियमित रूप से होने वाली योग गतिविधियों के कारण यह पार्क अब ‘योग पार्क’ के नाम से प्रसिद्ध हो चुका है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
योग दिवस की वैश्विक पहचान पर बोले योग आयोग अध्यक्ष
कार्यक्रम में हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने बताया कि लगभग 12 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे करीब 190 देशों का समर्थन प्राप्त हुआ। इसके बाद योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली और आज करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना चुके हैं।
राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय समारोह पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन में युवाओं, विद्यार्थियों, विभिन्न योग संस्थाओं, आईटीबीपी और सीआरपीएफ के जवानों के साथ-साथ लगभग 100 विदेशी मेहमान भी भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसे जन-जन तक पहुंचाना है।
बड़ी संख्या में रहे उपस्थित
कार्यक्रम में एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार राजकुमार वैद्य, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दिलीप मिश्रा, जिला खेल अधिकारी राजबीर रंगा, आयुष विभाग से डॉ. विक्रम, डॉ. अमित सहित अनेक अधिकारी, योग प्रशिक्षक, युवा और बच्चे उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व आयोजित इस योग मैराथन ने पंचकूला में योग के प्रति लोगों के उत्साह और जागरूकता को एक बार फिर उजागर कर दिया। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवन, फिटनेस और भारतीय संस्कृति के इस अमूल्य उपहार को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।