एमडीआर शुल्क लागू करने के विरोध में प्रदर्शन करते समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी
मेरठ, 12 अक्टूबर। UPI भुगतान पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) शुल्क के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा, मेरठ ने सोमवार को शहर के कई प्रमुख बाजारों में प्रदर्शन किया। संगठन के जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह आहूजा के नेतृत्व में व्यापारियों और कार्यकर्ताओं ने बैनर व तख्तियां लेकर तथा थाली-चम्मच बजाकर प्रस्तावित शुल्क के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
संगठन के अनुसार, यह प्रदर्शन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल की सहमति व निर्देशों के तहत किया गया। व्यापार सभा ने दावा किया कि UPI भुगतान पर 0.04 प्रतिशत MDR शुल्क 15 अक्टूबर 2026 से लागू होने का प्रस्ताव है।
शहर के प्रमुख बाजारों में किया गया
जिसमें अधाना मेडिकल स्टोर, जेल चुंगी; पैठ बाजार, लालकुर्ती; पी.एल. शर्मा रोड और बेगम पुल; सदर बाजार; बेगम पुल स्थित न्यू दिल्ली बस स्टैंड के सामने तथा गुलमर्ग मॉल और गुलमर्ग सिनेमा के सामने का क्षेत्र शामिल हैं। अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया।

व्यापार सभा के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने प्रस्तावित शुल्क के विरोध में नारे लगाए और व्यापारियों पर इसके संभावित असर को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। संगठन का कहना है कि डिजिटल भुगतान के लिए व्यापारी मोबाइल और इंटरनेट रिचार्ज सहित विभिन्न सेवाओं पर पहले से खर्च करते हैं। ऐसे में UPI लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगने से व्यापारियों की लागत बढ़ सकती है।
शुल्क वापस लेने की मांग
जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह आहूजा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों से सहयोग लिया गया था। अब UPI लेनदेन पर MDR शुल्क लगाने के प्रस्ताव से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने प्रस्तावित शुल्क पर पुनर्विचार करने की मांग की।
आहूजा ने प्रदर्शन को प्रतीकात्मक बताते हुए कहा कि व्यापारियों ने थाली-चम्मच बजाकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। संगठन ने सरकार से मांग की कि UPI भुगतान पर प्रस्तावित MDR शुल्क के मामले में व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखा जाए।
पदाधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह आहूजा, प्रदेश सचिव सौरभ अग्रवाल, महासचिव शिवम पटेल, विधानसभा अध्यक्ष ओम प्रकाश खटीक, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. नूर मोहम्मद रहमानी, मेरठ व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सरदार जीतू सिंह नागपाल, जिला उपाध्यक्ष राकेश निम्बी, वामिक जिया, एडवोकेट स्पर्श जाटव, अरुण सिंह, विपुल गुप्ता, मुर्सलीम खान, अजय अधाना सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय व्यापारी शामिल रहे।