बाढ़ प्रभावित किसानों को मिलेगा 3.79 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा
डीबीटी के जरिए तीन दिन में भुगतान पूरा करने का लक्ष्य; जिलाधिकारी ने लाभार्थियों की सूची, बैंक खातों और अभिलेखों के सत्यापन के दिए निर्देश
मुजफ्फरनगर । बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान के बाद किसानों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। जनपद के 5,863 पात्र किसानों को कुल 3 करोड़ 79 लाख 84 हजार 691 रुपये की सहायता राशि दी जानी है। प्रशासन ने अगले तीन दिनों में लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भुगतान पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने मुआवजा वितरण की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय कर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि पात्र किसानों तक सहायता राशि समय पर पहुंच सके।
डीएम ने सत्यापन में लापरवाही न करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को लाभार्थियों की सूची, किसानों के नाम, बैंक खातों और अन्य जरूरी अभिलेखों का सावधानीपूर्वक मिलान करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि किसी विवरण में त्रुटि के कारण भुगतान न अटके, इसके लिए सत्यापन और निगरानी समय रहते पूरी की जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी पात्र किसान का नाम सूची से छूटा हो या अभिलेखों में कोई विसंगति मिले, तो मामले की नियमानुसार तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। बैंकिंग, तकनीकी या दस्तावेज संबंधी बाधाओं का भी समयबद्ध समाधान कराने को कहा गया है।
तीन दिन में भुगतान पूरा करने की तैयारी
अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह के अनुसार, प्रशासन निर्धारित समयसीमा में भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए काम कर रहा है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भुगतान की प्रगति पर नजर रखने और लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव, राहत सहायक नासिर हुसैन और कानूनगो अनिल गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि सत्यापन के बाद सहायता राशि पात्र किसानों तक पहुंचे और कोई भी किसान प्रक्रिया में देरी या तकनीकी समस्या के कारण राहत से वंचित न रहे।