जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में एनएसएस स्वयंसेवकों ने किया पौधरोपण
विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और पौधों की नियमित देखभाल का दिया संदेश
मेरठ । सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के दिशा-निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में प्रथम वर्ष के एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महाविद्यालय परिसर के हरित क्षेत्र में पौधे लगाए।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और परिसर को हरा-भरा बनाए रखने के लिए प्रेरित करना था। पौधरोपण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रकृति के संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाई। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.एस. सेंगर के दिशा-निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. पंकज चौहान, डॉ. अमित कुमार बालियान, डॉ. रेखा दीक्षित, डॉ. बुद्धेश गौतम, डॉ. नीलेश कपूर, डॉ. पुरुषोत्तम, डॉ. निधि सिंह, डॉ. दीपाली सिंह और प्रोफेसर रविंद्र कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने पौधों और वृक्षों के पर्यावरणीय महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि हरियाली पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वायु की गुणवत्ता सुधारने और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्राध्यापकों ने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लें और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने में योगदान दें।
कार्यक्रम में प्रथम वर्ष के एनएसएस स्वयंसेवकों रेमजिम गुप्ता, हर्ष उपाध्याय, अम्बिका श्रीवास्तव, आदित्य गुप्ता और प्रियांशी सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता की। वरिष्ठ विद्यार्थी आदित्य सिंह चौहान और संकेत शर्मा ने आयोजन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया और प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ समन्वय स्थापित किया।
पौधरोपण कार्यक्रम के माध्यम से एनएसएस के सामाजिक और पर्यावरणीय उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।