मेजर ध्यानचंद को समर्पित खेल महोत्सव-2026 का समा
56 दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में 22 खेल विधाओं के दो हजार से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा; विजेताओं, कोच और रेफरी का हुआ सम्मान
मेरठ । मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस और राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पंख हौसलों की उड़ान संस्था की ओर से आयोजित जनपद स्तरीय खेल महोत्सव-2026 का समापन एवं सम्मान समारोह रविवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में हुआ। समारोह में खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं, कोच और रेफरी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महोत्सव में हुई प्रतियोगिताओं की झलकियां भी वीडियो के माध्यम से दिखाई गईं।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल जीवन से यह संदेश दिया कि संसाधनों से अधिक संकल्प मायने रखता है। उन्होंने कहा कि पंख संस्था का आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नशामुक्त युवा और फिट भारत की दिशा में एक प्रयास है। प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने सभी विजेताओं, कोच और रेफरी को बधाई दी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा, “जब गांव का बच्चा ट्रैक पर दौड़ता है, तो वह अकेला नहीं दौड़ता, पूरे जिले का भविष्य दौड़ता है।” उन्होंने कहा कि पंख संस्था ने खेल को उत्सव का रूप दिया है। आज सम्मानित हो रहे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आने वाली पीढ़ी के बच्चों के लिए प्रेरणा बनेंगे।
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने लगातार 56 दिनों तक खेल गतिविधियां आयोजित कर सराहनीय काम किया है। उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव और सम्मान समारोह का आयोजन प्रशंसनीय है। को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन विमल शर्मा ने भी युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना की।

संस्था के मुख्य संरक्षक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे.वी. चिकारा ने कहा कि खेल बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि मैदान में नियमित रूप से पसीना बहाने से शारीरिक फिटनेस और स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने महोत्सव का संदेश “बी स्ट्रॉन्ग, बी फिट, स्टे फिट, स्टे हैप्पी” बताया और विजेताओं, कोच तथा रेफरी को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी कमलदत्त शर्मा ने संस्था की अध्यक्ष भावना शर्मा और उनकी टीम को आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला था। राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी का कार्यक्रम को सानिध्य मिला और उन्होंने उपस्थित होकर शुभकामनाएं दीं।
पंख हौसलों की उड़ान संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना शर्मा ने कहा कि संस्था बनाने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बेटी का हौसला अवसरों की कमी के कारण न रुके। उन्होंने बताया कि महोत्सव में 22 खेल विधाओं में दो हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया। उनके अनुसार, प्रतियोगिता में जीतने वाले बच्चों के साथ हर प्रतिभागी ने अनुभव और आत्मविश्वास हासिल किया। उन्होंने बच्चों से “मूव मोर, लिव बेटर” के मंत्र को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने महिला सशक्तिकरण पर प्रस्तुति दी। इस विषय पर एक डेमोन्स्ट्रेशन भी दिखाया गया। समारोह का संचालन मनमोहन भल्ला ने किया।
कार्यक्रम में पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष वीना वाधवा, बजरंग दल के प्रांत संयोजक निमेष वशिष्ठ, बलराज डूंगर, सुभाष शर्मा, अंकित शर्मा, सत्यकाम स्कूल के प्रबंधक दयानंद शर्मा, प्रधानाचार्य नेहा आनंद और ट्रस्टी अमित शर्मा, हरमिलाप स्कूल के प्रबंधक गुरुदत्त अरोड़ा एवं संरक्षक मुकंद वल्लभ शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनके अलावा विपिन भड़ाना, दीपशिखा, ज्योति, सिंथिया हावर्ट, जय प्रकाश, खो-खो एवं कबड्डी कोच, पवन त्यागी, पराग त्यागी, नितिन अग्रवाल, खेल निदेशक अशोक त्रिपाठी, डी.बी. कपिल, राजेश निगम, जिला पंचायत सदस्य गुड्डू गगोल, ललित मोरल और मोहन गुर्जर भी मौजूद रहे।