महिला बास्केट बाल प्रतियोगिता में आरजी कॉलेज की विजेता टीम
मेरठ, 21 अक्टूबर। देवनागरी महाविद्यालय में आयोजित अंतरमहाविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में आरजी कॉलेज की टीम ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की टीम को हराकर ट्रॉफी जीती।
प्रतियोगिता में सात महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें आरजी कॉलेज की टीम पहले, सीसीएसयू की टीम दूसरे और डीबीपीएस, अनूपशहर की टीम तीसरे स्थान पर रही।
चारों क्वार्टर में बनाए रखी बढ़त
फाइनल मुकाबला आरजी कॉलेज और सीसीएसयू की टीमों के बीच खेला गया। आरजी कॉलेज की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही खेल पर पकड़ बनाए रखी और चारों क्वार्टर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
खिलाड़ियों को सम्मानित कर छात्रवृत्ति देने का निर्णय
टीम की उपलब्धि पर कॉलेज की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में छात्रवृत्ति देने का निर्णय भी लिया। कॉलेज की क्रीड़ा प्रभारी प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि टीम की तीन खिलाड़ियों—आस्था, अन्नू और चंचल—का इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
क्रीड़ा समिति की सदस्यों ने खिलाड़ियों को इस सफलता पर शुभकामनाएं दीं।