डॉ दिलीप अग्निहोत्री (राज्य सूचना आयुक्त)
मेरठ। राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने मेरठ के नए सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मेरठ समग्र विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। इस विकास प्रक्रिया में जन सूचना अधिकारी भी अपने दायित्वों का प्रभावी और जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से निर्वहन करके महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
डॉ. अग्निहोत्री ने जन सूचना अधिकारियों से कहा कि आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मांगी गई सूचना उपलब्ध कराई जाए। समय पर सूचना मिलने से प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता बनी रहती है और जरूरतमंद लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान में सहायता मिलती है। उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने और सूचनाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाए रखने की अपेक्षा की।
बैठक में मेरठ की औद्योगिक और खेल क्षेत्र में पहचान का भी उल्लेख किया गया। राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत मेरठ ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। खेल उपकरण निर्माण के लिए प्रसिद्ध इस शहर में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से खेल और खेल उपकरण उद्योग के क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं बनी हैं।

उन्होंने कहा कि मेरठ का मजबूत इंजीनियरिंग आधार, विनिर्माण इकाइयां और सहायक औद्योगिक इकाइयों का नेटवर्क इसे देश के प्रमुख खेल सामग्री उत्पादन केंद्रों में विशेष स्थान दिलाता है। इस औद्योगिक आधार को शहर के भावी विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने मेरठ की संभावनाओं पर चर्चा की।
डॉ. अग्निहोत्री ने मेरठ विकास प्राधिकरण की मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत प्रस्तावित टाउनशिप का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह टाउनशिप नमो भारत कॉरिडोर और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के निकट प्रस्तावित है। संबंधित क्षेत्र शहर की महायोजना में औद्योगिक क्षेत्र के रूप में चिह्नित है।
उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के प्रारंभिक बिंदु और दिल्ली-मेरठ रेल परिवहन सेवा के निकट होने के कारण यह क्षेत्र आवागमन तथा औद्योगिक विकास, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। राज्य सूचना आयुक्त ने जन सूचना अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को शासन-प्रशासन से जुड़ी सूचनाएं समय पर मिलें और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में एसीएम सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।