मवाना में काव्य पाठ आयोजन में किया सम्मानित
मवाना। मां दुर्गा को समर्पित काव्य पटल ‘काव्य ब्रह्मास्त्र’ के तत्वावधान में श्री खाटू श्याम मंदिर में नवम शक्ति उपासना समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कवि-कवयित्रियों ने मां दुर्गा की महिमा, सनातन धर्म, राष्ट्र और समाज को समर्पित काव्य पाठ किया। आयोजन के दौरान मां अन्नपूर्णा का भंडारा भी चलता रहा।
कार्यक्रम के सूत्रधार काव्य ब्रह्मास्त्र के संस्थापक कवि एवं गीतकार कुमार मुनीश रहे। मंदिर अध्यक्ष सुभाष रस्तौगी और सचिव विनय दुबलिश ने व्यवस्था संभाली, जबकि अमर रस्तौगी ने संचालन में सहयोग किया। दीप प्रज्ज्वलन डॉ. शक्ति साहनी, डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. गूँजन शर्मा और श्रीराम मलिक ने किया। नगर पालिका अध्यक्ष अखिल कौशिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
मां दुर्गा की आराधना से शुरू हुआ काव्य पाठ
कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय गीतकार मनोज कुमार ‘मनोज’ ने किया। स्वागत संचालन कवि एवं अभिनेता मनमोहन भल्ला ने किया। कुंडली, हरियाणा से आई ओज कवयित्री नेहा शर्मा ‘नमन’ कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं।
मनोज कुमार ‘मनोज’ ने मां दुर्गा की स्तुति करते हुए पढ़ा—
अभय की दात्री मात, सिद्धि की प्रदात्री मात,
भारती के धाम की माँ एक रखवाली है।
नेहा शर्मा ‘नमन’ ने मां जगदम्बा के शक्ति स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा—
सिंह वाहिनी माँ जगदम्बा…तुम दुर्गा तुम काली हो
चक्र त्रिशूल गदा और फरसा…धारण करने वाली हो।
कविताओं में मां, भक्ति और समाज के भाव
मनमोहन भल्ला ने अपनी रचना में मां के प्रति समर्पण और भगवा रंग के भाव व्यक्त किए—
ना जुल्फ के बंधन हैं, ना हुस्न के मारे हैं,
अंतर्मन भगवा है, हम माँ के दुलारे हैं।
कवयित्री कविता कुसुमाकर ने मां के वात्सल्य को अपनी पंक्तियों में पिरोया—
गोद में बच्चों को ले जब थक कर सो जाती हैं मां,
तब कहीं जाकर के थोड़ा सुख पाती है मां।
डॉ. क्षमा गुप्ता ने मन के अंधकार को मिटाने और बुझते दिलों में उम्मीद जगाने का संदेश दिया—
अंधेरे मन के मिटाओ तो कोई बात बने,
दीप, बुझे दिल के जलाओ तो कोई बात बने।
कमलेश ‘तन्हा’ ने कृष्ण भक्ति के भावों को स्वर दिया—
मेरी रूह में बसा बस तेरा धाम है,
जिसकी मैं हूँ दीवानी वो घनश्याम है।
सरोज दूबे ने मन की व्याकुलता और शांति के भावों पर आधारित रचना सुनाई। कुमार मुनीश ‘अक्स’ ने मां दुर्गा के शक्ति स्वरूप और महामाया की लीला का वर्णन करते हुए कहा—
दुर्गा रूप धर किया दुष्टों का सफाया,
कौन समझ पाया है महामाया की माया।
अतिथियों को भेंट किया मां दुर्गा का चित्र
समारोह में भाजपा नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, नरेश बाला, तीरथराम मारवाह, राजू अरोरा, दीपक बजाज, बॉबी अरोरा, रवि गोला, डॉ. धर्मपाल, सौरभ रस्तौगी, अजय जसूजा, अलकनन्दा, एकता रस्तौगी, महंत सरिता दास, रवि रस्तौगी और इंजीनियर पीयूष रस्तौगी सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों को स्मृति-चिह्न के रूप में मां दुर्गा का चित्र भेंट किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और साहित्यप्रेमियों ने काव्य पाठ का आनंद लिया।