माध्यमिक विद्यालयों में अल्पसंख्यक नियुक्तियां की बहाली को लेकर मांग पत्र देने पहुंचे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी
मेरठ, 28 अक्टूबर। अनुदानित अल्पसंख्यक माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में प्रबंधन के अधिकार बहाल करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा ने प्रदर्शन किया। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन के नेतृत्व में कार्यकर्ता कमिश्नरी पार्क पर एकत्र हुए। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए वे पैदल मार्च कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सक्षम अधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में अल्पसंख्यक विद्यालयों के प्रबंधन के संवैधानिक अधिकारों की बहाली और नियुक्ति संबंधी नियमों की समीक्षा की मांग की गई। सुदीप जैन ने उत्तर प्रदेश सरकार पर नियुक्ति अधिकारों के मामले में दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि एक ओर संस्कृत विद्यालयों के प्रबंधन को नियुक्ति संबंधी अधिकार दिए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर अल्पसंख्यक विद्यालयों के प्रबंधन की प्रशासनिक स्वायत्तता सीमित की जा रही है।

सुदीप जैन ने संविधान के अनुच्छेद 30(1) का उल्लेख करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक संस्थानों के अधिकारों का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में बीएड प्रवेश के प्रबंधन कोटे के मुद्दे पर हुए विरोध और उसके बाद कोटे की बहाली का भी उल्लेख किया। उन्होंने सरकार से नियुक्ति संबंधी नियमों की समीक्षा कर अल्पसंख्यक माध्यमिक विद्यालयों के अधिकार सुरक्षित रखने की मांग की।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री सरदार कवलजीत सिंह ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए अल्पसंख्यक संस्थानों की संवैधानिक और प्रशासनिक स्वायत्तता सुरक्षित रखी जानी चाहिए। रियासत अली ने सरकार से अल्पसंख्यक समुदाय के हितों का ध्यान रखने की अपील की। जिला कांग्रेस महासचिव तरुण शर्मा ने कहा कि अल्पसंख्यक वर्गों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
मोर्चा के उपाध्यक्ष दिलशाद सैफी और बाबू राम जाटव ने अल्पसंख्यक अधिकारों के संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। सपा के नितिन गर्ग ने सभी वर्गों के प्रति समान दृष्टिकोण अपनाने की मांग की। ज्ञापन में राष्ट्रपति से इस विषय पर संबंधित सरकार का ध्यान आकर्षित कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया।
इस मौके पर सम्यक जैन, नाजिम सैफी, कय्यूम अहमद सैफी, सिराज अहमद सैफी, मंजूर अहमद सैफी, फिरोज सैफी, नन्हे प्रधान, अकरम मंसूरी, अरशद राणा, मयंक जैन, विजय कुमार जैन, वैभव जैन, विश्नावत जैन और स्पर्श अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।