जनेश्वर मिश्र की जयंती के कार्यक्रम की रूपरेखा बनाते सपा नेता
लखनऊ। समाजवादी विचारधारा के प्रखर नेता एवं “छोटे लोहिया” के नाम से विख्यात रहे जनेश्वर मिश्र की आगामी 5 अगस्त 2026 को मनाई जाने वाली जयंती को ऐतिहासिक और भव्य रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भर से आए नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा जयंती समारोह को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाजवादी मूल्यों, सामाजिक न्याय और आमजन के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी युवाओं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वक्ताओं ने कहा कि जनेश्वर मिश्र की जयंती केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है।
बैठक में जयंती समारोह के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 5 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न जिलों में विचार गोष्ठियां, सामाजिक कार्यक्रम, जनसंवाद और श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही युवाओं को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक एवं सांसद सनातन पांडे ने कहा कि छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की जयंती को इस बार विशेष रूप से यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक स्तर पर तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, सांसद राजीव राय, पूर्व विधायक संतोष पांडे, विधायक अमिताभ बाजपेयी तथा जनेश्वर मिश्र के छोटे भाई तारकेश्वर मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखे।
इसके अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष युवजन सभा अरविंद गिरी, ब्राह्मण समाज के विभिन्न नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
मेरठ से भी बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। इनमें पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव विपिन चौधरी, निरंजन सिंह, हिमांशु सिद्धार्थ, पंडित राजेश शर्मा, अमित शर्मा, सीपी शर्मा, गौरव गुर्जर, जीशान अहमद, पृथ्वी सिंह, सादिक, वाहिद चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि 5 अगस्त को छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की जयंती को प्रदेशभर में भव्य, प्रेरणादायी और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि उनकी समाजवादी सोच और संघर्ष की विरासत नई पीढ़ी तक पहुंच सके।