केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते संयुक्त व्यापार संघ के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य।
मेरठ। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों से जुड़े मामलों और व्यापारियों के हितों को लेकर संयुक्त व्यापार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मांगपत्र सौंपकर आवास विकास क्षेत्र में प्रभावित व्यापारियों और पुराने शहर के निवासियों को राहत देने की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आग्रह किया।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि आवास विकास क्षेत्र में जिन व्यापारियों की दुकानें तोड़ी गई हैं या सील की गई हैं, उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकालने की मांग की।
पुराने शहर में भू-उपयोग परिवर्तन की मांग
संघ के महामंत्री सरदार दलजीत सिंह ने कहा कि प्राचीन निर्मित शहर में भू-उपयोग परिवर्तन कर आम लोगों को राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने पुराने शहर से जुड़े मामलों का समाधान करते समय वहां की पुरानी बसावट और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखने की बात कही।
उपाध्यक्ष नीरज त्यागी और कमल ठाकुर तथा संगठन मंत्री राजीव गुप्ता कल ने भी इन विषयों का जल्द निस्तारण करने का आग्रह किया। उन्होंने आवास विकास क्षेत्र में करीब 40 वर्ष पहले आवंटित मकानों के संबंध में सेटबैक की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग रखी।
मांगों को लीगल में भेजने का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मांगों पर विचार करते हुए कहा कि इस विषय को शीघ्र लीगल विभाग में भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं इस विषय पर संज्ञान ले रहे हैं।
मुलाकात के दौरान संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता, महामंत्री सरदार दलजीत सिंह, उपाध्यक्ष नीरज त्यागी और कमल ठाकुर, संगठन मंत्री राजीव गुप्ता कल तथा सांसद प्रतिनिधि अमित शर्मा मौजूद रहे।