भारतीय मानक ब्यूरो के गाजियाबाद शाखा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्मृति चिह्न के साथ मंच पर मौजूद अतिथि और अधिकारी।
मेरठ। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के गाजियाबाद शाखा कार्यालय की ओर से विश्व मानक दिवस 2026 के उपलक्ष्य में होटल दोआब विलास में ‘स्टेकहोल्डर कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत, सरकारी संस्थानों, परीक्षण प्रयोगशालाओं, आभूषण व्यवसाय, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न संगठनों के करीब 280 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर रहे।
डॉ. तोमर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के लिए मानकीकरण जरूरी है। उन्होंने खेल सामग्री उद्योग, उपभोक्ता सुरक्षा और भारतीय मानकों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, औद्योगिक प्रतिस्पर्धा और सतत विकास में मानकों की भूमिका रेखांकित करते हुए कहा कि गुणवत्ता आधारित औद्योगिक विकास के लिए उद्योगों, तकनीकी संस्थानों और अन्य हितधारकों के साझा प्रयास आवश्यक हैं।

सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा पर केंद्रित रहा आयोजन
कॉन्क्लेव का आयोजन विश्व मानक दिवस 2026 की थीम ‘बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण—सतत विकास लक्ष्य 7: सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ के अंतर्गत किया गया। इसका उद्देश्य भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उपभोक्ता सुरक्षा को प्रोत्साहित करना और उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उद्योग, शिक्षा जगत तथा सरकारी संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् और बीआईएस मानक गीत के साथ हुई। बीआईएस नोएडा शाखा कार्यालय के प्रमुख एवं वैज्ञानिक-एफ कौशिक दत्ता ने स्वागत संबोधन में कॉन्क्लेव के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। बीआईएस गाजियाबाद के संयुक्त निदेशक पवन कुमार ओरा ने विश्व मानक दिवस के संदेश और गुणवत्ता, मानकीकरण तथा उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका की जानकारी दी।
कार्यक्रम में आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर डॉ. मयंक अग्रवाल, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के मेरठ चैप्टर के सचिव गौरव जैन और एमएसएमई टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सेंटर, मेरठ के प्रधान निदेशक आदित्य प्रकाश शर्मा ने भी विचार रखे।
खेल सामग्री उद्योग में गुणवत्ता और नवाचार पर परिचर्चा
कॉन्क्लेव का प्रमुख आकर्षण ‘खेल सामग्री उद्योग में मानक, गुणवत्ता एवं नवाचार—भारत के प्रमुख खेल सामग्री निर्माण केंद्र के रूप में मेरठ’ विषय पर आयोजित तकनीकी पैनल चर्चा रही। इसमें वैज्ञानिक-डी (पीजीडी) विचित्र वीर सिंह, स्पोर्ट्स गुड्स एंड टॉयज एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष सुमनेश अग्रवाल, राष्ट्रीय परीक्षण शाला, गाजियाबाद के वैज्ञानिक-डी राजेश कुमार और एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से डॉ. शिवानी रोहिल्ला ने भाग लिया। चर्चा का संचालन बीआईएस गाजियाबाद के उप निदेशक शैलेंद्र कुमार वर्मा ने किया।
विशेषज्ञों ने खेल उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा, परीक्षण सुविधाओं, नवाचार, अनुरूपता मूल्यांकन और एमएसएमई क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय मानकों के प्रभावी अनुपालन से मेरठ के खेल सामग्री उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
उद्योग, प्रयोगशालाओं और शिक्षण संस्थानों की भागीदारी
कार्यक्रम में ज्वैलर्स एसोसिएशन, मेरठ के संत कुमार वर्मा, राष्ट्रीय परीक्षण शाला, गाजियाबाद के वैज्ञानिक-बी डॉ. बी.एम.एस. बिष्ट, बिरला आइकॉन, मेरठ के पी.के. जैन और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बागपत की प्रधानाचार्या प्रीति शर्मा ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।
समारोह में 10 अक्टूबर 2026 को एसआरएम विश्वविद्यालय, मोदीनगर में आयोजित ‘बीआईएस मानक कार्निवल 2026’ और ‘राइडर सेफ्टी बाइक रैली’ की सफलता में योगदान देने वाले हितधारकों के प्रयासों की सराहना की गई। उद्योग और परीक्षण प्रयोगशालाओं के प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों, बीआईएस रिसोर्स पर्सन्स, तकनीकी विशेषज्ञों और मीडिया सहयोगियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बीआईएस संदर्भ व्यक्तियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में विद्यालयों के मेंटोर और बीआईएस के संदर्भ व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मेरठ के मुकुंद वल्लभ शर्मा, मनोज भारद्वाज, झलक तोमर और वंदना यादव; गाजियाबाद की प्रगति सिंह और वर्षा छावरिया; मुरादाबाद के आवरण अग्रवाल और गायत्री शर्मा; संभल के इशांत शर्मा तथा बागपत के सचिन प्रताप सिंह शामिल रहे। अमरोहा से प्रीति शर्मा का नाम भी सम्मानित संदर्भ व्यक्तियों में शामिल था।
आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य गुणवत्ता जागरूकता अभियान में सहयोग देने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना तथा भविष्य में संयुक्त गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना था। कॉन्क्लेव के माध्यम से भारतीय मानकों, उपभोक्ता सुरक्षा, नवाचार और सतत औद्योगिक विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर बीआईएस गाजियाबाद के वैज्ञानिक-सी एवं उप निदेशक राज कुमार ने अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थानों का आभार व्यक्त किया।