स्वच्छता अभियान के दौरान एकत्रित कूड़े के साथ प्रकृति क्लब की सदस्यता ग्रहण करने वाले सदस्य।
मेरठ, 28 अक्टूबर। मेरठ कॉलेज के महिला प्रकोष्ठ और प्रकृति—सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड सस्टेनेबिलिटी क्लब की ओर से रक्षापुरम के निकट स्थित मलिन बस्ती में स्वच्छता एवं महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य वंचित समुदाय की बालिकाओं और बच्चों को स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
महिला प्रकोष्ठ की संयोजक प्रोफेसर डॉ. मोनिका भटनागर और प्रकृति क्लब की संयोजक प्रोफेसर सुजाता मैनवाल ने बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता और मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने पौष्टिक भोजन, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी। कार्यक्रम में बालिकाओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए।
दीपावली के अवसर पर बच्चों को केले और फ्रूटी के साथ लड्डू तथा दीपक भी दिए गए। विज्ञान, कला, वाणिज्य, कानून और शिक्षा संकाय के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
इस दौरान शिक्षिकाओं ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की। उन्होंने धुएँ और वायु प्रदूषण को कम करने के उपाय अपनाने पर जोर दिया। साथ ही बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों तथा उनके हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर विनीता, प्रोफेसर संगीता उपाध्याय, प्रोफेसर नविता एस. कुमार, प्रोफेसर दिव्या और प्रोफेसर शैली ने सहयोग किया। आयोजकों के अनुसार, इस पहल के माध्यम से समुदाय में स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित किया गया।