अमर उजाला स्कूल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026 समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति
मेरठ में आयोजित समारोह का जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ; विद्यार्थियों को अनुशासन, जीवन मूल्यों और एआई के महत्व की जानकारी दी
मेरठ । अमर उजाला स्कूल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026 समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी मेरठ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।

जिलाधिकारी ने शिक्षा और स्वास्थ्य को विकसित समाज की आधारशिला बताया। उन्होंने सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निजी विद्यालयों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि 12वीं तक की शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। प्रारंभिक अवस्था में मिलने वाले संस्कार और अनुशासन का प्रभाव व्यक्ति के पूरे जीवन पर पड़ता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर आगे बढ़ने और शिक्षकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए गुरुजनों का मार्गदर्शन और अनुशासन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को बदलती तकनीक के अनुरूप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को समझने और उसका उपयोग सीखने के लिए भी प्रेरित किया गया।

समारोह में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी पर विशेष बल दिया गया।