आईएफडब्लूजे के 76वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में मंचासीन अतिथिगण
आईएफडब्ल्यूजे के 76वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री के सलाहकार; 60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को लाभ दिलाने का प्रयास करने का आश्वासन
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा है कि वह पत्रकारों को पेंशन देने के विषय को उचित मंच पर उठाएंगे और इस दिशा में अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अपर मुख्य सचिव सूचना और सूचना निदेशक से बातचीत की जाएगी। साथ ही, अगले सप्ताह यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को इस योजना का लाभ मिल सके।
अवनीश अवस्थी यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन की ओर से यूपी प्रेस क्लब में आयोजित इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट (आईएफडब्ल्यूजे) के 76वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पत्रकार सुरक्षा के विषय पर गोष्ठी भी हुई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन मुख्य अतिथि को सौंपा गया, जिसमें पत्रकारों की समस्याओं और मांगों का उल्लेख किया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार रजिस्टर बनाने की मांग
अवनीश अवस्थी ने राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों का रजिस्टर बनाए जाने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की बुनियादी पहचान से जुड़े सवालों पर ध्यान देने की जरूरत है। राष्ट्रीय स्तर पर रजिस्टर बनने से पत्रकारों को लाभ मिल सकता है। उन्होंने खेल विभाग से बातचीत कर पत्रकारों को लाभान्वित करने का प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उन्हें पत्रकारों के लिए काम करने का अवसर मिला है। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उन्हें अन्य स्तंभों की तरह मजबूत होकर कार्य करना चाहिए।
पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे आईएफडब्ल्यूजे के अध्यक्ष गोपाल मिश्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों का रजिस्टर तैयार करने और पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार भी चिंतित है। उन्होंने पत्रकारों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि उनका निराकरण होना चाहिए। पवन सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकार समाजसेवी की भूमिका निभाते हैं और आलोचनाओं तथा अभावों के बीच भी जनता के मुद्दों को उठाते रहते हैं। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और पेंशन से जुड़ी समस्याओं को सरकार के सामने रखने तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
कई पदाधिकारी और पत्रकार रहे मौजूद
समारोह में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, यूपी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार सिंह, आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय महासचिव विश्वदेव राव, प्रदेश महामंत्री देवराज सिंह और लखनऊ इकाई के अध्यक्ष शिवशरण सिंह ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर महामंत्री नितिन श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेम कांत तिवारी, विजय शंकर पंकज, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य रजा रिजवी, भास्कर दुबे, सुरेश यादव, सर्वेश तिवारी, अविनाश शुक्ला, अनिल सैनी, मोहम्मद जुबेर, पवन कुमार सिंह, रेनू निगम, नायला किदवाई, जेपी शुक्ला, सूर्य नारायण सिंह, कलानिधि मिश्रा, महिमा तिवारी, मुकुल मिश्रा, राकेश सिंह चौहान, अनिल त्रिपाठी, मोहम्मद जान तुर्की, विजय प्रकाश मिश्रा, आशीष कुमार सिंह, टी.एन. मिश्रा, भाजपा नेता प्रदीप सिंह बब्बू, सुमति सक्सेना, सुरेंद्र अग्निहोत्री, गंगेश मिश्रा, विजय मिश्रा और मोहम्मद तारिक फारुकी सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।