अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते प्रोफेसर दिनेश कुमार एवं प्राचार्य प्रोफेसर नीरज कुमार
मेरठ। मेरठ कॉलेज की मेजबानी में भामाशाह पार्क (विक्टोरिया पार्क) में चल रही चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 के चौथे दिन का शुभारंभ शनिवार सुबह नौ बजे हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुधीर मलिक ने किया।
प्रातःकालीन सत्र के मुख्य अतिथि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर एवं खेल विभाग के प्रभारी प्रो. दिनेश कुमार रहे। मेरठ कॉलेज के प्राचार्य एवं आयोजन अध्यक्ष प्रो. नीरज कुमार तथा आयोजन सचिव प्रो. वीरेंद्र कुमार ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रो. नीरज कुमार ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि साधनों की कमी सच्ची लगन, प्रतिभा और नियमित अभ्यास के रास्ते में बाधा नहीं बनती। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी पूरी निष्ठा से अपनी साधना जारी रखें तो लक्ष्य प्राप्त करना आसान हो जाता है। मुख्य अतिथि प्रो. दिनेश कुमार ने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने आयोजन अध्यक्ष, आयोजन सचिव और अतिथियों के साथ मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर सत्र का औपचारिक शुभारंभ किया।
जेवीसी बड़ौत ने डीएवी बुलंदशहर को 102 रन से हराया
पहले मुकाबले में जेवीसी कॉलेज, बड़ौत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 119 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएवी कॉलेज, बुलंदशहर की टीम जेवीसी की गेंदबाजी के सामने 17 रन पर सिमट गई। डीएवी की पारी छह ओवर में समाप्त हुई। इस तरह जेवीसी कॉलेज, बड़ौत ने 102 रन से जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में एएस कॉलेज, लखावटी ने अंकित गोस्वामी के 70 और कप्तान मणिक शर्मा के 41 रन की मदद से 155 रन बनाए। एमएमएच कॉलेज, गाजियाबाद की ओर से रवि, कुनाल और शांतनु ने तीन-तीन विकेट लिए है
कार्यक्रम में प्रो. ललित कुमार, प्रो. पवन कुमार, प्रो. मनोज कुमार, प्रो. रेनू वर्मा, डॉ. आशीष तोमर, विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक प्रो. भीष्म सिंह, अमित सिंह, डॉ. सत्येंद्र मलिक, संजय रस्तोगी, अनिल कुमार, दीन मोहम्मद, देवी प्रसाद, आयोजन समिति के सदस्य और खेल प्रेमी मौजूद रहे।