सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान
जिला युवा संसद में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर रखे विचार; इनाम, अदिति और जाह्नवी राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित, युवा संवाद में सांसद ने युवाओं के सवालों के दिए जवाब
बागपत । #ANN स्याद्वाद इंस्टीट्यूट में आयोजित जिला स्तरीय युवा संसद एवं ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं को संसद और राष्ट्रपति भवन को करीब से देखने का अवसर मिलने की घोषणा की गई। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने युवा संसद के सभी प्रतिभागियों को नई दिल्ली स्थित संसद और राष्ट्रपति भवन के भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। इस घोषणा से कार्यक्रम में मौजूद युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई माय भारत केंद्र बागपत की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं ने युवा संसद में निर्धारित विषय पर अपने विचार रखे। इसके बाद ‘विकसित भारत युवा संवाद’ के दौरान युवाओं को सांसद से सीधे सवाल पूछने और अपने विचार साझा करने का अवसर मिला।
संवाद में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने युवाओं के सवालों के जवाब दिए और विभिन्न विषयों पर उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपनी दिनचर्या और अनुभव साझा करते हुए युवाओं को सक्रिय, अनुशासित और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। संसद और राष्ट्रपति भवन के भ्रमण का निमंत्रण मिलने पर प्रतिभागियों ने खुशी जताई।
राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए तीन प्रतिभागियों का चयन
जिला युवा संसद में प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर भाषण दिए। प्रस्तुतियों में युवाओं ने इस विषय के अलग-अलग पहलुओं पर अपनी समझ और विचार व्यक्त किए। जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित तीन प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में बागपत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें इनाम, अदिति और जाह्नवी शामिल हैं।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पुनीत कुमार, डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. गजेन्द्र प्रताप सिंह और डॉ. राज लक्ष्मी के निर्णायक मंडल ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के भाषण और विषय की प्रस्तुति के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।
यूथ आइकॉन ने बताया वोट और मतदाता सूची का महत्व
युवा संवाद में भारत सरकार द्वारा नामित यूथ आइकॉन अमन कुमार ने ‘अपने वोट को जानें’ विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम और उससे जुड़ा विवरण देखा जा सकता है।
अमन कुमार ने सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली संवेदनशील विषयों से जुड़ी सूचनाओं को लेकर भी युवाओं को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल रील, पोस्ट और सनसनीखेज दावे कई बार अधूरी या भ्रामक जानकारी पर आधारित हो सकते हैं। इसलिए किसी सूचना पर भरोसा करने या उसे आगे साझा करने से पहले उसके स्रोत, प्रमाण और आधिकारिक पुष्टि की जांच करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से बचने की अपील की।
संस्थान के पदाधिकारी और माय भारत स्वयंसेवक रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्याद्वाद इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. प्रवीण मलिक, प्राचार्य ललित मोहन एवं सोनिया त्रिखा तथा लेखा एवं कार्यक्रम सहायक आंचल श्योराण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सपना राणा ने किया। आयोजन में माय भारत स्वयंसेवक नीतीश भारद्वाज, शिवम, पंकज, प्रिया, कार्तिक, सुषमा, दानिश, अनुज, शाकिर, आसिफ, हर्ष, राहुल और अंकित ने सहयोग किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ