पब्लिक स्कूल में आधार कार्ड शिविर का शुभारंभ
मेरठ। #ANN अब्दुल्लापुर स्थित एम.एस. पब्लिक स्कूल में मंगलवार, 3 नवंबर को भारतीय डाक विभाग की ओर से आधार कार्ड शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को आधार कार्ड में संशोधन कराने तथा नया आधार कार्ड बनवाने की सुविधा विद्यालय परिसर में उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें इन सेवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिली।
शिविर का उद्घाटन राष्ट्रपति पदक से अलंकृत तथा प्रधान डाकघर, मेरठ की पोस्ट फोरम सलाहकार समिति के सदस्य सरदार सरबजीत सिंह कपूर, विद्यालय के प्रधानाचार्य मौ. इरशाद और प्रधानाचार्या टीना शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि सरदार सरबजीत सिंह कपूर ने डाक विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आमजन को जरूरी सरकारी सेवाएं सरल और सुविधाजनक ढंग से उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
प्रधानाचार्य मौ. इरशाद ने कहा कि विद्यालय परिसर में आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों का समय और श्रम बचेगा। उन्होंने इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए भारतीय डाक विभाग का आभार जताया। प्रधानाचार्या टीना शर्मा ने भी शिविर के आयोजन को विद्यार्थियों और परिवारों के लिए उपयोगी बताया।
शिविर के संचालन में विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सहयोग किया। इस दौरान शाहबाज, फरहान, सुमन शर्मा, पूनम, रुचि, रुहीन, किशा, मुस्कान, गीता, ज़रीना, चाँदनी, अंशुल और सरिता सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने डाक विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए शिविर के सफल संचालन में सहयोग दिया।