रालोद का युवा संवाद और सदस्यता अभियान आयोजित
मेरठ। #ANN ग्राम रहावती-खालिदपुर में राष्ट्रीय लोकदल (युवा प्रकोष्ठ) की ओर से युवा संवाद एवं सदस्यता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं के साथ किसान, महिलाएं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, इस दौरान सैकड़ों लोगों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के आयोजक युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक बाफर रहे, जबकि अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हस्तिनापुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल युवाओं को आगे बढ़ने और नेतृत्व करने का अवसर देने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि किसानों और युवाओं की आवाज उठाना पार्टी की पहचान रही है। चौधरी चरण सिंह के विचार—“एक आंख खेत पर और एक आंख दिल्ली में”—का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह संदेश आज भी किसानों, नौजवानों और राजनीति के लिए प्रासंगिक है।

राष्ट्रीय लोकदल के सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे ने राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि निर्णय प्रक्रिया में भी बराबर का भागीदार बनाया जाना चाहिए। संगठन और नेतृत्व में महिलाओं को उचित अवसर देने की आवश्यकता है।
विनय प्रधान ने कहा कि पार्टी से सर्वसमाज के लोग जुड़ रहे हैं और किसानों, मजदूरों, पिछड़े, दलित तथा वंचित वर्गों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता उसकी पहचान है। राष्ट्रीय लोकदल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश प्रवक्ता आतिर रिज़वी ने सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का उल्लेख करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा सभी वर्गों के सम्मान की बात करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों, मजदूरों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लेकर आवाज उठाती रही है।

राष्ट्रीय महासचिव (महिला) ऋचा सिंह ने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें संगठन तथा नेतृत्व में समान अवसर देने की बात कही। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बाबू राम प्रजापति ने कहा कि पिछड़ा समाज बड़ी संख्या में राष्ट्रीय लोकदल से जुड़ रहा है और पार्टी सामाजिक न्याय, सम्मान तथा राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों को उठाती है।
युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक विवेक बाफर ने कहा कि पार्टी की नीतियों में गांव, किसान, मजदूर और नौजवान के हित केंद्र में हैं। उन्होंने बताया कि युवा संवाद और सदस्यता अभियान का उद्देश्य युवाओं को संगठन से जोड़ना तथा उन्हें सामाजिक और राजनीतिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है।

किसान प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष संजय पनवाड़ी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रहा है और एनडीए का घटक दल है। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेता देवेंद्र गुर्जर ने भी एनडीए की राजनीतिक मजबूती और उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर अपना वक्तव्य दिया।
जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल युवाओं की सोच को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने उन्हें मेरठ जिले की जिम्मेदारी देकर युवाओं को संगठन में अवसर देने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने अतिथियों, पदाधिकारियों और ग्रामीणों का आभार जताया तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में तरसपाल मलिक, अनिकेत भारद्वाज, संगीता दोहरे, विनय प्रधान, ऋचा सिंह, विवेक बाफर, आतिर रिज़वी, संजय पनवाड़ी, अभी सिंघल, देवेंद्र गुर्जर, बाबू राम प्रजापति, मेहरपाल काकरान, आशीष उर्फ पिंटू, युंगाश राणा, अर्जुन काली, नरेश मल्लापुर, अशोक खेपड़, अशोक चौधरी, जयराज एडवोकेट और गोविंद प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।