भैया दूज पर बहन ने भाई के माथे पर तिलक लगाकर की सुख, समृद्धि और लंबी उम्र की कामना।
मेरठ #ANN भैया दूज के पावन पर्व पर आज़ाद अधिकार सेना के प्रदेश महासचिव और मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी मास्टर अब्दुल अज़ीज़ अपनी बहन पूजा सिंघल के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों और पूजा-पाठ में हिस्सा लिया तथा व्रत रखी अपनी बहन का व्रत स्नेहपूर्वक खुलवाया। भाई-बहन के मिलन और आत्मीयता के इस अवसर पर परिवार के लोगों ने भी पर्व की खुशियां साझा कीं।
समाजसेविका और आज़ाद अधिकार सेना की जिलाध्यक्ष पूजा सिंघल हाल ही में पैर में फ्रैक्चर होने के बाद ऑपरेशन से गुजरी हैं। इसके बावजूद उन्होंने भैया दूज के इस पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रम में सहभागिता की। पूजा सिंघल ने अपने भाई के प्रति स्नेह व्यक्त करते हुए कहा कि उनके भाई हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उनका रिश्ता लंबा चले और भाई-बहन का यह अटूट बंधन हमेशा बना रहे।
मास्टर अब्दुल अज़ीज़ ने कहा कि भैया दूज का पर्व भाई-बहन के आपसी प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के रीति-रिवाज समाज और परिवारों को जोड़ने का काम करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने अपनी बहन के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की तथा प्रदेशवासियों को भैया दूज की शुभकामनाएं दीं।
पूजा सिंघल आज़ाद अधिकार सेना की जिलाध्यक्ष होने के साथ-साथ नई सोच सेवा समिति की प्रदेश सचिव भी हैं।