आरजीपीजी कॉलेज में हंशिका चौधरी बनीं सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट विजेता
ब्लॉसम स्कूल ट्रॉफी प्रतियोगिता में 43 कैडेट्स ने किया प्रतिभाग, कनक मलिक ने हासिल किया द्वितीय स्थान
मेरठ। ANN
रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में बुधवार को एनसीसी विभाग द्वारा ‘ब्लॉसम स्कूल ट्रॉफी फॉर द आउटस्टैंडिंग कैडेट’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, कार्यकुशलता एवं समग्र प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में कुल 43 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के संरक्षण एवं एनसीसी प्रभारी मेजर अंजुला राजवंशी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में भूगोल विभाग की डॉ. संगीता धामा का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर ब्लॉसम स्कूल की ओर से निर्मल यादव एवं सिल्की जैन उपस्थित रहीं। निर्णायक मंडल में पूर्व एनसीसी कैडेट्स अंडर ऑफिसर अंशिका पुंडीर एवं क्वार्टर मास्टर सार्जेंट प्रज्ञा शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में कैडेट्स का मूल्यांकन अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, समर्पण, आत्मविश्वास, एनसीसी गतिविधियों में सहभागिता एवं समग्र प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
सीनियर अंडर ऑफिसर हंशिका चौधरी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए ब्लॉसम स्कूल ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं कैडेट कनक मलिक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर ऑफिसर प्रीति, अंडर ऑफिसर बुशरा एवं अंडर ऑफिसर अवनी शर्मा का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी एवं एनसीसी प्रभारी मेजर अंजुला राजवंशी ने कैडेट्स के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी अनुशासन, समर्पण एवं नेतृत्व क्षमता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. संगीता धामा ने भी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स को अपनी प्रतिभा पहचानने, नेतृत्व कौशल निखारने तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की भावना मजबूत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी प्रो. सुनीता एवं डॉ. पूनम लता ने दी।