मीरपुर में खाद्य संस्करण प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
मेरठ, ANN। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्रामीण स्वरोजगार योजना के अंतर्गत बुधवार को जनपद मेरठ के रोहटा विकासखंड की ग्राम पंचायत मीरपुर में दो दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, मोदीपुरम मेरठ की ओर से आयोजित यह प्रशिक्षण 18 से 19 नवंबर 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र के 30 लाभार्थियों ने प्रतिभाग कर खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित विभिन्न उद्योगों और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ग्राम प्रधान श्रीमती मनोज देवी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने पहुंचे लाभार्थियों को लेखन सामग्री वितरित की गई तथा उनके लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र मोदीपुरम की प्रभारी एवं विषय विशेषज्ञ श्रीमती प्रेमलता ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्रामीण स्वरोजगार योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पात्र लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम एक लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फल, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों की उपलब्धता को देखते हुए खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े लघु उद्योग स्थापित करने की अच्छी संभावनाएं हैं। ऐसे उद्योगों के माध्यम से स्थानीय कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन किया जा सकता है और ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ एवं सेवानिवृत्त प्रभारी श्री सुशील कुमार सिरोही ने प्रशिक्षणार्थियों को फल एवं सब्जियों से तैयार किए जाने वाले विभिन्न खाद्य उत्पादों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अचार, सॉस, मुरब्बा, जैम, जैली, स्क्वैश तथा मसाला प्रसंस्करण जैसे उद्योगों से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इन उत्पादों के निर्माण और प्रसंस्करण का प्रशिक्षण प्राप्त कर ग्रामीण स्तर पर छोटे खाद्य उद्योग स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं।
विषय विशेषज्ञ कु. शिवांजलि सिंह ने बेकरी उद्योग की संभावनाओं और इससे संबंधित विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बेकरी व्यवसाय के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर विकसित करने के बारे में बताया। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर मेरठ के डीआरपी श्री दीपांशु ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को योजना के उद्देश्य तथा सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता के बारे में बताया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की जानकारी देने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना, कृषि आधारित लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करना तथा ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्रामीण स्वरोजगार योजना के तहत आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।