डॉ. विवेक कुमार त्यागी
मेरठ। ANN चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के विधि अध्ययन विभाग के सह आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार त्यागी ने ब्राजील के इटुआना विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतिष्ठित विश्व कांग्रेस में उद्घाटन व्याख्यान दिया। उन्होंने ‘बुद्धिमान मशीनों के युग में सत्य, धर्म और जवाबदेही’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के वैश्विक नियमन के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक संवैधानिक कानून के समन्वय पर आधारित नया मॉडल प्रस्तुत किया।
डॉ. त्यागी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सत्य का अर्थ केवल सूचनाओं की सटीकता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पारदर्शिता और अहिंसा का समावेश भी आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को यह जानने का अधिकार होना चाहिए कि कब कोई मशीन उससे संवाद कर रही है और उसके द्वारा दिए गए उत्तर का आधार क्या है। तकनीक का विकास मानव कल्याण और नैतिक मूल्यों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता तंत्र के चार प्रमुख स्तंभों विकासकर्ता, उपयोगकर्ता संस्था, राज्य और आम नागरिक के कर्तव्यों को विस्तार से स्पष्ट किया। कौटिल्य के अर्थशास्त्र और राजधर्म का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो भी संस्था लोगों पर स्वचालित तकनीकी शक्ति का उपयोग करती है, उस पर शासक की तरह जवाबदेही, संयम और कर्तव्य पालन का दायित्व लागू होना चाहिए।

डॉ. त्यागी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता से प्राप्त परिणामों की वैधता और विश्वसनीयता की जांच के लिए भारतीय न्याय दर्शन के चार प्रमाणों प्रत्यक्ष, अनुमान, उपमान और शब्द को आधुनिक तकनीकी परीक्षण प्रणाली से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय दर्शन के सिद्धांत आधुनिक तकनीकी चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 और अनुच्छेद 51क का उल्लेख करते हुए उन्होंने मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के बीच संतुलन स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जवाबदेह कृत्रिम बुद्धिमत्ता व्यवस्था के लिए नुकसान होने के बाद दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ नुकसान होने से पहले सावधानी बरतने और उसे रोकने की व्यवस्था भी आवश्यक है।
व्याख्यान के दौरान डॉ. त्यागी ने भारत के डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023 तथा ब्राजील के कृत्रिम बुद्धिमत्ता विधेयक पीएल 2338/2023 और सामान्य डेटा संरक्षण कानून का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और ब्राजील जैसे विकासशील देश जवाबदेह, सुरक्षित एवं मानव केंद्रित तकनीक विकसित करने में वैश्विक नेतृत्व प्रदान कर सकते हैं। इसके लिए दोनों देशों के बीच सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना आवश्यक है।
डॉ. विवेक कुमार त्यागी ने अपने उद्घाटन व्याख्यान का समापन भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल संदेश ‘सत्यमेव जयते’ के साथ किया। उन्होंने कहा, “सत्य की ही विजय होती है, लेकिन केवल वहीं जहां उसके लिए कोई जवाबदेह हो।” उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास और नियमन में सत्य, धर्म, नैतिकता तथा मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।