आरोपी उजैद गिरफ्तार
मेरठ ANN। आतंकवाद से जुड़ी कथित ऑनलाइन कट्टरपंथी गतिविधियों के मामले में मेरठ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस एवं नगर स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बनियापाड़ा निवासी 22 वर्षीय उजैद पुत्र साजिद को 24 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान एवं पाक अधिकृत कश्मीर के संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में रहने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भारत विरोधी और आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, जम्मू के थाना बाहु फोर्ट में 24 नवंबर 2025 को मुकदमा अपराध संख्या 331/2025, भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3) के तहत दर्ज मामले की विवेचना के दौरान जम्मू-कश्मीर के रियासी निवासी मोहम्मद साजिद पुत्र मोहम्मद असलम के पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई थी। जांच के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित आतंकवादी गतिविधियों से संबंधित ग्रुपों के संचालन का भी पता चला था।
विवेचना के दौरान जम्मू पुलिस को कई संदिग्ध इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी प्राप्त हुई थी, जिनमें एक अकाउंट का संबंध मेरठ से बताया गया। संबंधित अकाउंट के संचालक की तलाश में जम्मू पुलिस ने मेरठ पुलिस के सहयोग से 18 जनवरी और 21 फरवरी 2026 को दबिश दी थी। पुलिस के मुताबिक उजैद पिछले करीब दस महीने से फरार चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में मंगलवार को थाना कोतवाली पुलिस और नगर स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उजैद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उजैद के इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से कथित कट्टरपंथी एवं भारत विरोधी सामग्री के संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान उसका संपर्क जम्मू-कश्मीर निवासी मोहम्मद साजिद से होने की बात भी कही गई है।
जांच में पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर से जुड़े अमीर हमजा, अबू मुसाब, फरकान, कामरान सहित अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के साथ आरोपी के कथित संपर्कों की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार उजैद पर कई संदिग्ध ऑनलाइन ग्रुपों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने का आरोप है।
पूछताछ में किशोरों को भड़काऊ सामग्री भेजकर कट्टरपंथी विचारधारा एवं आतंकवादी गतिविधियों की ओर प्रेरित करने के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस संबंधित डिजिटल सामग्री और आरोपी की कथित भूमिका का सत्यापन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक नवंबर 2025 में सेना और सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने की कथित आतंकी साजिश से संबंधित जानकारी भी जांच में सामने आई है। इसके अतिरिक्त राजनीतिक नेतृत्व और पुलिसकर्मियों के विरुद्ध हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा देने संबंधी आरोपों की भी जांच की जा रही है।
विवेचना के दौरान कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया ग्रुपों का कथित संबंध प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से होने की बात भी सामने आई है। इसके साथ ही पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क के साथ आरोपी के कथित संपर्कों की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध जम्मू के थाना बाहु फोर्ट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3) के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली पुलिस टीम, स्वाट टीम प्रभारी एवं नगर स्वाट टीम के सदस्य शामिल रहे।
फिलहाल पुलिस संदिग्ध ऑनलाइन नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिकाओं का विस्तृत सत्यापन कर रही है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का न्यायालय में सिद्ध होना अभी बाकी है।