सीसीएसयू में रोबोटिक्स प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई तकनीकी प्रतिभा
मेरठ। 25 नवंबर 2026 चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में बुधवार को ‘रोबो रिफ्ट’ (ROBO RIFT) रोबोटिक्स प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार, रचनात्मकता एवं टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल के मुख्य आतिथ्य एवं संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल की उपस्थिति में किया गया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत रोबो रेस और लाइन फॉलोअर रेस का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने स्वयं निर्मित रोबोट के माध्यम से विभिन्न तकनीकी चुनौतियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर ‘रोबो एसेंड’ (ROBO ASCEND) कार्यशाला के प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग से रोबोटिक्स की मूलभूत जानकारी एवं रोबोट निर्माण से संबंधित व्यावहारिक कौशल प्राप्त किए थे।
रोबो रेस प्रतियोगिता में एलीट वज्र टीम ने प्रथम तथा टीम अराइवल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एलीट वज्र टीम में महक, मुस्कान सिंह, सत्येंद्र एवं शुभांशु शामिल रहे, जबकि टीम अराइवल में अमन सिंह, आदित्य गुप्ता, चेतन राणा एवं शुभम सिंह ने प्रतिभाग किया।
लाइन फॉलोअर रेस में टेक बाइट्स टीम ने प्रथम तथा इनोमाइंड्स टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टेक बाइट्स टीम में शुभम यादव, नमन, पंकज एवं निखिल शामिल रहे, जबकि इनोमाइंड्स टीम में अग्रिम, गुंजन, अनुराग, पूजा एवं अंकित ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक डॉ. शिवम गोयल सहित आयोजन समिति के सदस्य डॉ. के.पी. सिंह, इंजीनियर प्रवीण कुमार, डॉ. गौरव त्यागी, डॉ. दिव्या शर्मा, डॉ. पंकज कुमार, योगेश के. शर्मा एवं पीयूष बत्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
छात्र आयोजन टीम में अनन्या त्यागी, प्रखर गंगवार, रविंद्र नाथ मिश्रा, ऋतिक कुमार अग्रहरी, यादी चौधरी, सौरभ सिंह पटेल, शिखर तिवारी, सैफ, ओमकार एवं अमन वर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा आपसी सहयोग और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने का अवसर प्रदान किया। आयोजन से विद्यार्थियों में रोबोटिक्स एवं आधुनिक तकनीक के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ भविष्य में नए तकनीकी प्रयोग करने की प्रेरणा भी मिली।