मेरठ में 2,900 करोड़ के निवेश से लगेगी विश्वस्तरीय फैक्ट्री
लखनऊ/मेरठ, 25 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में वैश्विक कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की नई विनिर्माण इकाई का शिलान्यास किया। 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाली इस इकाई में विश्वस्तरीय एल्युमिनियम बेवरेज कैन का उत्पादन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। खेल उत्पादों और पारंपरिक उद्योगों के लिए विश्वभर में पहचान रखने वाला मेरठ अब एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉल कॉर्पोरेशन की यह परियोजना मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक प्रमुख औद्योगिक इकाई साबित होगी। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही स्थानीय एमएसएमई इकाइयों, पैकेजिंग सप्लायर्स, लॉजिस्टिक्स, परिवहन और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबारियों के लिए व्यापार की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

सीएम योगी ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की उपलब्धता मेरठ को उद्योग एवं निवेश के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बना रही है। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते वैश्विक कंपनियों को अपने कारोबार का विस्तार करने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक पेय पदार्थों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में मेरठ में स्थापित होने वाली बॉल कॉर्पोरेशन की इकाई को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2017 तक प्रदेश में करीब 14 हजार फैक्ट्रियां थीं, जबकि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित हुई हैं। वर्तमान में प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 35 हजार से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचे, मजबूत कनेक्टिविटी, औद्योगिक भूमि की उपलब्धता और कुशल मानव संसाधन के चलते उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशकों की पसंद बन रहा है। प्रदेश देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्तमान में देश के कुल मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इसके अलावा डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में भी प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट में 7.50 लाख करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां, 25 हजार से अधिक स्टार्टअप्स, 36 क्षेत्रवार औद्योगिक नीतियां, 75 हजार एकड़ से अधिक का औद्योगिक लैंड बैंक और 27 आधुनिक इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर औद्योगिक विकास को गति दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैमसंग, एलजी, डिक्सन, सीएनएच इंडस्ट्रियल, एचसीएल-फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और बॉल कॉर्पोरेशन जैसी वैश्विक कंपनियां उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय एमएसएमई इकाइयों से सामग्री की खरीद बढ़ाने, युवाओं के कौशल विकास में सहयोग करने और पर्यावरण अनुकूल विनिर्माण को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने कंपनी को परियोजना के प्रत्येक चरण में प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, निदेशक अजीत शर्मा सहित शासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।