नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित विचार गोष्ठी में अमर शहीद गुर्जर विजय सिंह पथिक के चित्र से केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह को सम्मानित करते रालोद कार्यकर्ता
केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह की उपस्थिति में घोषणा, 27 फरवरी को हस्तिनापुर-मवाना में होगा आयोजन, विजय सिंह पथिक सम्मान एवं पुरस्कार देने की भी पहल
नई दिल्ली/मेरठ, 25 नवंबर 2026। ANN
महान स्वतंत्रता सेनानी, क्रांतिकारी विचारक एवं किसान आंदोलन के अग्रदूत अमर शहीद गुर्जर विजय सिंह पथिक के जीवन, संघर्ष और किसान आंदोलनों में उनके ऐतिहासिक योगदान को समर्पित विचार गोष्ठी का आयोजन किसान ट्रस्ट द्वारा नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह उपस्थित रहे।
चौधरी जयंत सिंह ने विजय सिंह पथिक के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन किसान स्वाभिमान, संगठन और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल है। बिजौलिया किसान आंदोलन के माध्यम से उन्होंने किसानों को संगठित कर उनके अधिकारों की आवाज बुलंद की। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को उनके संघर्षों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान किसान ट्रस्ट ने घोषणा की कि अमर शहीद गुर्जर विजय सिंह पथिक की जयंती के अवसर पर 27 फरवरी 2027 को मेरठ के हस्तिनापुर-मवाना क्षेत्र में विशाल किसान रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली का उद्देश्य किसान एकता को मजबूत करने के साथ विजय सिंह पथिक के ऐतिहासिक योगदान और किसान आंदोलनों की विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर विजय सिंह पथिक के नाम से सम्मान एवं पुरस्कार प्रदान करने की भी पहल की जाएगी। इसके माध्यम से समाजसेवा, किसान हितों और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
किसान ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि विजय सिंह पथिक की विरासत को आगे बढ़ाना और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना ट्रस्ट का महत्वपूर्ण संकल्प है। आगामी 27 फरवरी का आयोजन किसान एकता, स्वाभिमान और सामाजिक सम्मान का बड़ा अवसर बनेगा।
कार्यक्रम में किसान ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. यशवीर सिंह, विनय प्रधान एवं उनकी टीम ने केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा विजय सिंह पथिक का चित्र स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, केसी त्यागी, पूर्व सांसद मलूक नागर, सांसद चंदन चौहान, अशोक यादव, विधायक मदन भैया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सांसद चंदन चौहान ने किया।
गोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने विजय सिंह पथिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा किसान हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।