संविधान रक्षा मार्च में मेरठ के कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी
लखनऊ। ANN
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया गया। इस मार्च में मेरठ महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना शर्मा मोना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का संदेश दिया।
मेरठ महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने बताया कि मार्च के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान रंजन शर्मा ने अपने साथी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी दी।
रंजन शर्मा ने कहा कि संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी और अन्य बाधाएं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकतीं।
उन्होंने कहा कि संविधान में प्रदत्त अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता निरंतर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। मार्च में मेरठ सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।