संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने जीवंत किया संविधान सभा का दृश्य
बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में ऐतिहासिक नाट्य प्रस्तुति, संविधान के मूल्यों और मौलिक कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प
मेरठ। ANN
शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संविधान सभा का जीवंत दृश्य प्रस्तुत कर वर्ष 1946 से 1949 के ऐतिहासिक दौर की यादें ताजा कर दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, संवैधानिक मूल्यों और संविधान निर्माताओं के योगदान से परिचित कराना रहा।
नाट्य प्रस्तुति में छात्र विशिष्ट ने संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद की भूमिका निभाते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता, धैर्य और गंभीरता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। छात्र यशराज ने प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर की भूमिका निभाकर सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाया।
पंडित जवाहरलाल नेहरू की भूमिका में छात्र ऋषभ ने उद्देश्य प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए भारत को संप्रभु एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के संकल्प को प्रभावशाली ढंग से रखा। अन्य विद्यार्थियों ने संविधान सभा के सदस्यों की भूमिका निभाते हुए संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और प्रस्तावना पर सार्थक चर्चा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संचालन राजनीति शास्त्र की प्रवक्ता पूजा शर्मा ने किया। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। उन्होंने विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने और मौलिक कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को जीवन में अपनाकर आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया।
सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर इतिहास को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। राजकुमार त्यागी ने कहा कि विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता पैदा करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।
इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार शर्मा, राजकुमार त्यागी, मीनाक्षी वर्मा, शुभांगी पुंडीर सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की ऐतिहासिक नाट्य प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने सफल आयोजन के लिए प्रवक्ता पूजा शर्मा एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी।