भारत संवाद में सुदीप जैन ने उठाई संवैधानिक अधिकारों की आवाज
धर्मनिरपेक्षता, समानता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से एकजुट होने का आह्वान
नई दिल्ली। ANN
संविधान दिवस के अवसर पर जमीयत उलमा-ए-हिंद के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय के मदनी हॉल में ‘भारत संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सद्भावना मंच के प्रतिनिधि सुदीप जैन ने संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना महमूद मदनी ने की, जबकि संचालन मौलाना मेहंदी हसन कासमी ने किया।
सुदीप जैन ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत को ऐसा संविधान दिया, जिसने देश को विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाया। लोकतंत्र का मूल भाव जनता की, जनता के द्वारा और जनता के लिए सरकार होना है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान परिस्थितियों में सरकार द्वारा यह तय करने का प्रयास किया जा रहा है कि जनता कौन होगी। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक भावना के विपरीत बताया।
उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक ताकत उसकी विविधता, सहिष्णुता और सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान में निहित है। धर्मनिरपेक्षता का अर्थ किसी धर्म का विरोध करना नहीं, बल्कि सभी धर्मों के प्रति समान दृष्टिकोण रखना है। इतिहास गवाह है कि जब भी किसी शासक पर धार्मिक कट्टरता हावी हुई, तब अन्य धर्मों और समुदायों के सामने संकट उत्पन्न हुआ।
सुदीप जैन ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश मानवता, करुणा, सेवा, परोपकार और जियो और जीने दो का है। भारतीय संस्कृति का वसुधैव कुटुंबकम का सिद्धांत भी इसी भावना को मजबूत करता है। उन्होंने धर्म के नाम पर नफरत और वैमनस्य फैलाने की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां न तो धर्म की वास्तविक भावना का प्रतिनिधित्व करती हैं और न ही राष्ट्रहित में हैं।
उन्होंने किसानों, व्यापारियों, जवानों और नौजवानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्ग अनेक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं। आम नागरिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
संविधान में प्रदत्त समानता के अधिकार का उल्लेख करते हुए सुदीप जैन ने धार्मिक आयोजनों को लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं में कथित असमानता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों की परंपराओं का सम्मान होना चाहिए और कानून का अनुपालन समान रूप से किया जाना चाहिए। किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सहारनपुर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई और सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन को लेकर भी सवाल उठाए। इसके साथ ही गिरनार पर्वत पर जैन अनुयायियों के साथ कथित मारपीट की घटनाओं तथा 17 फरवरी 2005 के हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि संविधान और कानून सभी नागरिकों के लिए समान हैं, इसलिए अलग-अलग समुदायों के लिए अलग-अलग मापदंड नहीं अपनाए जाने चाहिए।
सुदीप जैन ने सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से आह्वान किया कि वे संकीर्णताओं से ऊपर उठकर एक-दूसरे के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि जब एक समुदाय दूसरे समुदाय की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझकर उसके समर्थन में खड़ा होगा, तभी वास्तविक सामाजिक सद्भाव, भाईचारा और संवैधानिक एकता स्थापित हो सकेगी।
उन्होंने जमीयत उलमा-ए-हिंद द्वारा आयोजित ‘भारत संवाद’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल विभिन्न धर्मों और सामाजिक वर्गों के बीच आपसी विश्वास, प्रेम और सम्मान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सुदीप जैन ने कहा कि भारत की वास्तविक पहचान धार्मिक विविधता के बीच कायम एकता, भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता है। संविधान, लोकतंत्र, समानता, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आना होगा।