आईएमए मेरठ का बजा डंका, मिले 15 राज्य स्तरीय पुरस्कार
मेरठ, 28 नवंबर 2026। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की मेरठ शाखा ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर चिकित्सा जगत में मेरठ का गौरव बढ़ाया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश राज्य शाखा द्वारा शनिवार को प्रयागराज में आयोजित वार्षिक सम्मेलन ‘आईएमए यूपीकोन-2026’ में मेरठ शाखा और उसके सदस्यों को विभिन्न श्रेणियों में कुल 15 प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
समारोह में उत्कृष्ट नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता एवं सामाजिक योगदान के लिए आईएमए मेरठ की निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. मनीषा त्यागी को सर्वश्रेष्ठ स्थानीय शाखा अध्यक्ष तथा निवर्तमान सचिव डॉ. विकास गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ स्थानीय शाखा सचिव के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों, जनजागरूकता अभियानों, सामाजिक सरोकारों एवं संगठन के बेहतर संचालन के लिए मेरठ शाखा और उसके सदस्यों को 13 अन्य राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए। संकट एवं कठिन परिस्थितियों में शाखा के सदस्यों को सहयोग प्रदान करने के लिए भी आईएमए मेरठ को विशेष सम्मान मिला।
वैज्ञानिक गतिविधियों एवं शैक्षणिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेरठ शाखा को पुरस्कृत किया गया। वहीं, डॉ. अमित जैन को कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

राज्य स्तरीय प्रेसिडेंट एप्रिसिएशन अवॉर्ड से डॉ. तरुण गोयल, डॉ. हिमानी अग्रवाल एवं डॉ. पीके गुप्ता को सम्मानित किया गया। इसके अलावा डॉ. तनुराज सिरोही, डॉ. अपर अग्रवाल, डॉ. मंजुला लखनपाल, डॉ. संदीप जैन एवं डॉ. शांतिस्वरूप को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. आलोक अग्रवाल एवं डॉ. विजय सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह उपलब्धि मेरठ के चिकित्सा जगत के लिए गौरव का विषय है। प्रदेश स्तर पर एक साथ 15 पुरस्कार प्राप्त करना संगठन के सदस्यों की एकजुटता, कर्तव्यनिष्ठा, चिकित्सा सेवाओं एवं समाज के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।

आईएमए मेरठ की इस उपलब्धि ने प्रदेश के चिकित्सा जगत में मेरठ की प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है। यह सम्मान चिकित्सा सेवाओं, वैज्ञानिक गतिविधियों, जनस्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में चिकित्सकों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।