लिसाड़ीगेट में पुलिस मुठभेड़, जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार
मेरठ, 28 नवंबर 2026। मेरठ के थाना लिसाड़ीगेट क्षेत्र में जानलेवा हमले एवं फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे दो आरोपियों को लिसाड़ीगेट पुलिस एवं नगर स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान खंडहर की छत से छलांग लगाने पर दोनों आरोपी घायल हो गए। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे एवं दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 की रात्रि में लिसाड़ीगेट क्षेत्र की खुशहाल कॉलोनी में अयान पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना के संबंध में थाना लिसाड़ीगेट पर मुकदमा संख्या 732/2026 धारा 109(1)/191(2)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान मुकदमे में आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं की वृद्धि की गई थी। इस मामले में दाऊद एवं समद वांछित चल रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेशानुसार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना लिसाड़ीगेट पुलिस एवं नगर स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
शनिवार को पुलिस टीम पिल्लोखड़ी चौकी क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जानलेवा हमले में वांछित दोनों आरोपी खुशहाल कॉलोनी से अंजुम पैलेस की ओर आ रहे हैं तथा क्षेत्र से फरार होने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अंजुम पैलेस के पास दोनों आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी भागकर पानी की टंकी के पास स्थित एक खाली खंडहर में घुस गए। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर आरोपियों ने खंडहर की छत पर चढ़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने स्वयं को सुरक्षित रखते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। चारों ओर से घिरने पर दोनों ने खंडहर की छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे पड़े ईंट-पत्थरों एवं ऊबड़-खाबड़ जमीन पर गिरने के कारण दोनों के हाथ-पैरों में चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दाऊद पुत्र शेर अली, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी शौकीन गार्डन तथा समद पुत्र अबरार, उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी गड्ढे वाली मस्जिद के पास इत्तेफाक नगर, थाना लिसाड़ीगेट, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी दाऊद के कब्जे से एक अवैध .32 बोर का तमंचा एवं उसकी नाल में फंसा एक खोखा कारतूस तथा समद के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा एवं उसकी नाल में फंसा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस टीम पर फायरिंग एवं अवैध असलहों की बरामदगी के संबंध में थाना लिसाड़ीगेट पर मुकदमा संख्या 734/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/9(1)(A)(i)/25/27 आयुध अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दाऊद के विरुद्ध थाना लिसाड़ीगेट में मुकदमा संख्या 823/2025, 521/2026, 732/2026 एवं 734/2026 सहित कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी समद के विरुद्ध मुकदमा संख्या 521/2026, 732/2026 एवं 734/2026 सहित कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें जानलेवा हमला, धमकी एवं आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक विशाल कुमार, उपनिरीक्षक विकास कौशिक, उपनिरीक्षक राम समझ राणा, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, नगर स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, हेड कांस्टेबल जीतेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल मोहित शर्मा, कांस्टेबल नीरज कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, आदर्श कुमार एवं उदयभान सिंह शामिल रहे।
पुलिस द्वारा दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।