रोडवेज कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया धरना, आंदोलन की चेतावनी
सोहराबगेट डिपो में नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और निजी बसों के अवैध संचालन पर रोक लगाने की मांग, 15 दिसंबर तक समाधान नहीं होने पर 16 दिसंबर को होगा क्षेत्रीय आंदोलन
मेरठ। ANN। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर 27 नवंबर 2026 को मेरठ के सोहराबगेट डिपो परिसर में रोडवेज कर्मचारियों ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रवीण सिंधु की अध्यक्षता में आयोजित धरने में नियमित, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के साथ परिवहन निगम के हितों की रक्षा करने की मांग उठाई गई।
धरने के दौरान कर्मचारी नेताओं ने राष्ट्रीयकृत मार्गों पर निजी बसों के अवैध एवं अनधिकृत संचालन तथा डग्गामार वाहनों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने परिवहन निगम की बहुमूल्य संपत्तियों एवं कारोबार को निजी हाथों में सौंपने की योजनाओं का विरोध करते हुए निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की मांग की।
कर्मचारियों ने लंबे समय से कार्यरत संविदा चालकों, परिचालकों एवं आउटसोर्स कर्मचारियों के चरणबद्ध नियमितीकरण, पारिश्रमिक में वृद्धि, न्यूनतम वेतन, अवकाश और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों के लिए सेवा नियमावली बनाने तथा ईएसआई, चिकित्सा एवं ईपीएफ की समुचित सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।

परिषद ने 50 प्रतिशत अथवा इससे कम लोड फैक्टर आने पर संविदा कर्मचारियों की प्रोत्साहन राशि में कटौती बंद करने, चालकों से अनुचित चालान की धनराशि वसूलने तथा कम आय और कम डीजल औसत के नाम पर की जाने वाली वेतन कटौती पर रोक लगाने की मांग की।
कर्मचारी नेताओं ने मृतक संविदा चालकों एवं परिचालकों के आश्रितों को नौकरी देने की पूर्व व्यवस्था बहाल करने तथा दस वर्ष से अधिक सेवा पूरी करने वाले संविदा कर्मचारियों को 60 वर्ष की आयु में सेवामुक्त होने पर उपादान एवं सेवा पारितोषिक के रूप में सम्मानजनक धनराशि प्रदान करने की मांग भी उठाई।
धरने में नियमित कर्मचारियों के सातवें वेतनमान के लंबित एरियर, बकाया महंगाई भत्ते, रात्रि एवं दिन हॉल्ट भत्ते, किलोमीटर भत्ते, रात्रि पाली और प्रदूषण भत्ते की दरों को महंगाई के अनुरूप संशोधित करने की मांग की गई। दुर्घटनारहित सेवा देने वाले पात्र चालकों को प्रोत्साहन राशि तथा राष्ट्रीय पर्वों का बकाया वेतन देने की मांग भी रखी गई।
परिषद ने परिवहन निगम की ठेके पर संचालित कार्यशालाओं का ठेका समाप्त करने, नियमित कर्मचारियों की भर्ती करने तथा आधुनिक उपकरण स्थापित कर कार्यशालाओं को सशक्त बनाने की मांग की। निगम के बस अड्डों को पीपीपी मॉडल पर देने से पहले संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी कर्मचारी संगठनों को उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
कर्मचारी नेताओं ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समुचित चिकित्सा सुविधा देने, वेतन विसंगतियों को दूर करने, पदोन्नति व्यवस्था में सुधार करने तथा रिक्त पदों पर नियमित नियुक्तियां करने की मांग उठाई। नियमित नियुक्तियों में संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को विशेष वरीयता देने तथा ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की मांग भी रखी गई।
परिषद ने प्रदेश में निर्मित एवं निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे और हाईवे को राष्ट्रीयकृत मार्ग घोषित करने, निजी एवं रोडवेज बसों के यात्री कर की दरों में असमानता समाप्त करने तथा लंबी दूरी के मार्गों पर परिवहन निगम की आधुनिक लग्जरी बसों का संचालन बढ़ाने की मांग की।
सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पिछले वर्षों में परिवहन निगम को उपलब्ध कराई गई आर्थिक सहायता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री से निगम के हितों को प्रभावित करने वाली योजनाओं और राष्ट्रीयकृत मार्गों पर अवैध बस संचालन पर प्रभावी रोक लगाने का अनुरोध किया गया।

धरने के दौरान सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री गिरीश चंद्र मिश्र द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को भेजे गए मांगपत्र एवं घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रम का समर्थन किया गया।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन एवं परिवहन निगम प्रबंधन द्वारा 15 दिसंबर 2026 तक उनकी मांगों पर सकारात्मक एवं संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया तो 16 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित क्षेत्र स्तरीय धरना-प्रदर्शन, रैली एवं आमसभा में सोहराबगेट डिपो के कर्मचारी बड़ी संख्या में भागीदारी करेंगे।
इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष विपिन त्यागी, अपर महामंत्री संजय कुमार राणा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुशील कुमार वर्मा, शाखा अध्यक्ष जय कुमार, शाखा मंत्री अनुज शर्मा, शाखा संगठन मंत्री सारिका सक्सेना, शाखा कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, शाखा लेखा परीक्षक अमित स्वामी, क्षेत्रीय प्रतिनिधि भावना खरे, शाखा संयुक्त मंत्री कपिल राणा, क्षेत्रीय प्रतिनिधि सुधीर सहरावत एवं शाखा प्रचार मंत्री शिव कुमार सहित अनेक रोडवेज कर्मचारी उपस्थित रहे